-संवाददाता-
अम्बिकापुर,05 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। पास्का जागरण अंधकार पर प्रकाश का,मृत्यु पर जीवन का शैतान पर ईश्वर की विजय का सबसे बड़ा उत्सव है। सदियों से यह परंपरा निरंतर चली आ रही है। दुनिया के लिए जहां से शांति का संदेश निकला आज वही जगह अशांत है इजराइल के येरूसलम में भयंकर युद्ध छिड़ा हुआ है राजनीतिक अस्थिरता से विश्वासियों में भय का वातावरण बना हुआ है। दुर्भाग्यजनक बात यह है कि इस वर्ष जैतून पहाड़ से येरूसलम शहर में खजूर की डालियां हांथ में लेकर निकलने वाला परम्परागत जुलूस भी नहीं निकल सका। उक्त बातें सरगुजा धर्मप्रांत के धर्माध्यक्ष बिशप अंतोनिस बड़ा ने प्रभु ईशा के मृत्यु पर विजय के पर्व ईस्टर की पूर्व संध्या पर नवापारा स्थित बेदाग इश्माता महा गिरिजाघर में समुदाय को संबोधित करते हुए अपने संदेश में कही। चर्च परिसर में शनिवार रात 10 बजे से विशेष प्रार्थना प्रारम्भ हुई और देर रात तक यह कार्यक्रम चलता रहा। पूण्य शनिवार की रात 10 बजे पास्का मोमबत्ती के आशीष के बाद समुदाय द्वारा घरों लाई हुई मोमबत्तियां पास्का मोमबत्ती से प्रज्ज्वलित कर समस्त धर्म विधियां प्रारंभ हुई।
धार्मिक अनुश्ठान बिशप डॉ अंतोनिस बड़ा की अगुवाई में पल्ली पुरोहित फादर जार्ज ग्रे कुजूर व फादर ज्ञान ने संयुक्त रूप से सम्पन्न कराई। इस दौरान पवित्र बाइबिल के आठ पाठों का वाचन समुदाय के लोगों द्वारा किया गया। घर बैठे बुजुर्गों के लिए ऑनलाइन प्रसारण की सुविधा जेरिन जोसेफ ने उपलब्ध कराई। रात 10 बजे से प्रारंभ होकर देर रात तक चले इस पूरे कार्यक्रम के दौरान बीच बीच में फा.जॉन जयसवाल कुजूर, फॉ. अनुरंजन तिग्गा के नेतृत्व में पारिस युवा संघ की टीम के भक्ति गीतों से चर्च परिसर गुंजायमान होता रहा। प्रभु यीशु को समर्पित भक्ति गीतों की प्रस्तुति को भक्तों ने खूब सराहा। परम प्रसाद वितरण के साथ ही समस्त धार्मिक अनुश्ठान सम्पन्न हुए। रात 12 बजते ही चर्च की घंटियां बजना शुरू होते ही चर्च के बाजू में ही काथलिक युवा मंच के युवाओं ने जमकर
आतिशबाजी कर अपनी खुशियों के संदेश को दिया। इस अवसर विधायक प्रबोध मिंज, फादर थेओडोर लकड़ा, फादर मारियानुस, पीआरओ अजीत एक्का, जगजीत मिंज, अजय अरुण मिंज, कुलदीप कुजूर, जेम्स किंडो, राजेश किंडो, फ्रांसिस केरकेट्टा, संजीव लकड़ा, डॉ प्रदीप टोप्पो, भानु खलखो, सहित शहर में समुदाय द्वारा संचालित संस्थानों के प्रमुख फादर सिस्टर्स व हजारों की संख्या में मसीहिजन उपस्थित थे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur