
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,05 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। आम आदमी पार्टी के नेता राजेन्द्र बहादुर सिंह ने अंबिकापुर के बांसवाड़ी क्षेत्र में कथित अवैध लकड़ी कटाई को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि रविवार सुबह के वीडियो एवं फोटो में बड़ी संख्या में लोग जंगल में घूम-घूम कर लकड़ी काटते दिखाई दे रहे हैं। उनके अनुसार,करीब 50 से ६० लोग इस गतिविधि में शामिल नजर आ रहे हैं,जिससे क्षेत्र के छोटे जंगल पर खतरा उत्पन्न हो गया है। राजेन्द्र बहादुर सिंह ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि मौके पर न तो बीट गार्ड की उपस्थिति दिख रही है और न ही प्रभावी निगरानी के संकेत मिल रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वन उपज नाके भी बंद पड़े हुए हैं, जिससे अवैध कटाई को बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने हाल ही में वन्यजीवों, विशेषकर हिरण की मौत के मामले का उल्लेख करते हुए कहा कि कुछ लोगों द्वारा वीडियो जारी कर वन विभाग का बचाव किया गया था,लेकिन वर्तमान स्थिति कई सवाल खड़े करती है। उनका कहना है कि यदि इस प्रकार खुलेआम कटाई हो रही है, तो संबंधित विभाग की जवाबदेही तय होना आवश्यक है। आप नेता ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। साथ ही सरगुजा जिले के संबंधित अधिकारियों की संपत्ति की जांच करने तथा दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई करने की बात कही। उन्होंने जंगलों की सुरक्षा के लिए ठोस और कठोर कदम उठाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। इसके अतिरिक्त,उन्होंने संबंधित बीट गार्ड एवं अन्य जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई, यहां तक कि सेवा से बर्खास्तगी और कानूनी कार्रवाई करने की मांग भी की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur