Breaking News

अम्बिकापुर@अंबिकापुर में भीषण सड़क हादसा,तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने 3 महिलाओं को कुचला,मौके पर ही मौत…

Share

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,05 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। अंबिकापुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे 130 पर शहर से लगे ग्राम भिट्ठीकला के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने पैदल जा रही तीन महिलाओं को कुचल दिया,जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद स्कॉर्पियो सामने से आ रहे ट्रेलर से जा भिड़ी और उसके परखच्चे उड़ गए। जानकारी के अनुसार,तीनों महिलाएं रविवार शाम करीब 6ः45 बजे सब्जी खरीदकर घर लौट रही थीं। तभी अंबिकापुर की ओर से तेज गति में आ रही स्कॉर्पियो (क्रमांक सीजी 15 ईएच-8874) ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही दम तोड़ गईं। हादसे के बाद वाहन अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे ट्रेलर से टकरा गया। इस घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए और आक्रोश फैल गया। गुस्साई भीड़ ने स्कॉर्पियो चालक को पकड़कर वाहन से बाहर निकाला और उसकी जमकर पिटाई कर दी,जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थिति को देखते हुए लोगों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया,जिससे यातायात बाधित हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने का प्रयास शुरू किया। पुलिस अधिकारियों ने भीड़ को शांत कर यातायात बहाल करने की कोशिश की। बाद में मृत महिलाओं के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया। मृतकों की पहचान ग्राम जोगीबांध निवासी मुन्नी बाई (50 वर्ष), श्यामपति राजवाड़े (55 वर्ष) और रामबाई (50 वर्ष) के रूप में हुई है। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और स्कॉर्पियो चालक की पहचान व दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा।


Share

Check Also

प्रतापपुर,@आवास मिला…लेकिन अधूरा

Share सूरजपुर में गरीबों के सपनों पर ‘किस्त’ का तालाप्रतापपुर ब्लॉक सबसे ज्यादा प्रभावित…मजदूरी भी …

Leave a Reply