ऑटो चालक ने साथियों संग घुसकर की मारपीट,डंडों-पत्थरों से वाहन क्षतिग्रस्त
-संवाददाता-
धौरपुर,०5 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। धौरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम ककनी में ओवरटेक को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट और तोडफ़ोड़ तक पहुंच गया। ऑटो चालक ने अपने साथियों के साथ मिलकर कार सवार के फार्महाउस में घुसकर हमला किया और कार को क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस ने मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार,प्रार्थी रोहितेश्वर प्रताप सिंह ने 4 अप्रैल को रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि 2 अप्रैल को वह धौरपुर से ककनी स्थित अपने फार्महाउस जा रहा था। चिलम नाला के पास उसने एक ऑटो को ओवरटेक किया, जिसके बाद ऑटो चालक कादिर खान फार्महाउस पहुंचकर गाली-गलौज कर चला गया। इसके बाद जब प्रार्थी डुमरडीह हाई स्कूल के पास पहुंचा,तो कादिर खान ने उसे रोककर विवाद किया। इसी दौरान अन्य लोग भी वहां पहुंच गए। स्थिति बिगड़ती देख प्रार्थी कार मोडकर निकलने लगा, तभी उसकी कार ऑटो से टकरा गई। कुछ देर बाद आरोपी कादिर खान अपने साथियों मोहम्मद खान, हयात खान, अल्ताफ खान, फरहान खान व अन्य के साथ फार्महाउस पहुंचे और प्रार्थी के साथ मारपीट की। कर्मचारियों के बीच-बचाव करने पर आरोपी भाग निकले,लेकिन जाते-जाते कार को डंडों और पत्थरों से मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया।
आरोपियों पर कई धाराओं में केस : पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ धारा 126(2), 191(1), 333, 296, 351(3), 115(2), 324(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। मामले की आगे जांच जारी है।
पहले भी हुआ था विवाद : पुलिस के अनुसार, ओवरटेक को लेकर शुरू हुआ विवाद बाद में बढ़ता गया और दोबारा आमना-सामना होने पर घटना ने हिंसक रूप ले लिया। हमले के दौरान फार्महाउस के कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला जिससे बड़ा हादसा टल गया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur