Breaking News

अम्बिकापुर@अमानवीय घटना के बीच मानवता की मिसाल…

Share


‘अनोखी सोच’ संस्था ने कराया सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,04 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। शहर में घटित एक हृदय विदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। गंगापुर भुईयापाड़ा की 45 वर्षीय महिला महेंद्रो बाई के साथ दुष्कर्म के बाद निर्मम हत्या की घटना से जहां समाज में आक्रोश और शोक व्याप्त है,वहीं इस दुःखद माहौल के बीच मानवता की एक प्रेरणादायक मिसाल भी सामने आई है। जानकारी के अनुसार,मृतिका के परिवार में केवल उसका एकमात्र पुत्र ही है। आर्थिक,सामाजिक और पारिवारिक परिस्थितियों के चलते वह अपनी मां का अंतिम संस्कार करने में असमर्थ था। ऐसे कठिन समय में परिवार पूरी तरह असहाय स्थिति में था। इसी दौरान मृतिका के पुत्र को अनोखी सोच संस्था के बारे में जानकारी मिली,जो जरूरतमंद एवं असहाय लोगों के अंतिम संस्कार में सहयोग प्रदान करती है। उसने तत्काल संस्था के अध्यक्ष सूर्य प्रकाश साहू से संपर्क किया। सूचना मिलते ही संस्था के अध्यक्ष एवं सदस्यों ने तत्परता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए सहायता का आश्वासन दिया। इसके बाद संस्था के सदस्यों द्वारा गंगापुर स्थित मुक्तिधाम में मृतिका का अंतिम संस्कार पूरे विधि-विधान और सम्मान के साथ संपन्न कराया गया। संस्था के सदस्यों ने न केवल अंतिम संस्कार की सभी व्यवस्थाएं संभालीं, बल्कि शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में मानसिक और सामाजिक संबल भी प्रदान किया। इस पुनीत कार्य में प्रकाश साहू,अभय साहू,पंकज चौधरी,संजु चटर्जी,मोती ताम्रकार, सुनील साहू, चंद्रप्रताप सिंह, बिट्टू मिश्रा,अजय ताम्रकार,निशांत जायसवाल सहित अन्य सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। एक ओर जहां इस प्रकार की जघन्य घटना समाज को शर्मसार करती है, वहीं दूसरी ओर ‘अनोखी सोच’ संस्था का यह कार्य यह साबित करता है कि आज भी समाज में मानवता, करुणा और सहानुभूति जीवित है। संस्था की यह पहल न केवल सराहनीय है, बल्कि समाज के लिए एक सकारात्मक संदेश और प्रेरणा का स्रोत भी बन गई है।


Share

Check Also

बलरामपुर@ बलरामपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

Share 12 घंटे में 22 स्थायी वारंटी गिरफ्तार,वर्षों से फरार आरोपी भी पकड़ेबलरामपुर,01 जून 2026 …

Leave a Reply