Breaking News

प्रतापपुर@ प्रतापपुर में गूंजा ‘जय श्रीराम

Share

हनुमान जन्मोत्सव पर भक्ति में डूबा नगर
पक्की तालाब हनुमान मंदिर में जगराता,सुंदरकांड और भंडारे से सजी आस्था की भव्य झांकी
प्रतापपुर,03 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)।
हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर प्रतापपुर नगर का प्राचीन पक्की तालाब स्थित हनुमान मंदिर एवं सूर्य मंदिर श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का केंद्र बना रहा। पूरे दिन और देर रात तक चले इस भव्य धार्मिक आयोजन ने नगर को पूरी तरह हनुमानमय कर दिया। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा, जहां हजारों की संख्या में भक्तों ने भगवान श्री संकट मोचन बजरंगबली के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर मंदिर परिसर को विशेष आकर्षक सजावट और रंग-बिरंगी लाइटिंग से सजाया गया था, जिसने पूरे वातावरण को दिव्य और अलौकिक बना दिया। भक्तों ने दीप प्रज्वलित कर भगवान हनुमान से सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। आयोजन के तहत रामायण पाठ एवं सुंदरकांड का सामूहिक आयोजन भी किया गया, जिसमें श्रद्धालु भक्ति भाव से लीन नजर आए। इस वर्ष का आयोजन और भी खास रहा, क्योंकि पहली बार इतने बड़े स्तर पर जगराता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। छत्तीसगढ़ की सुप्रसिद्ध भजन गायिका बबीता विश्वास और प्रदीप विश्वास अपनी पूरी टीम के साथ उपस्थित रहे, जिन्होंने अपने भजनों की अमृत वर्षा से भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया। एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति पर श्रद्धालु झूम उठे और पूरी रात भक्ति में डूबे रहे। स्थानीय भजन गायक राजेश गुप्ता ने भी अपने जस गीतों के माध्यम से भक्तों को झूमने पर मजबूर कर दिया। भक्ति गीतों की मधुर धुन और जयकारों से पूरा वातावरण गूंजता रहा। ‘जय श्रीराम’ और ‘हनुमान जी महाराज की जय’ के उद्घोष से नगर का हर कोना भक्तिमय हो उठा। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बजरंगबली की भव्य झांकी रही, जिसमें भगवान हनुमान के विभिन्न स्वरूपों के साथ अन्य देवी-देवताओं की झांकियां भी प्रस्तुत की गईं। इन झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया और पूरे आयोजन को और अधिक आकर्षक बना दिया। इस अवसर पर प्रतापपुर विधायक शकुंतला सिंह भी कार्यक्रम में शामिल हुईं। उन्होंने विधि-विधान से भगवान हनुमान के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और क्षेत्र की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की। इसके पश्चात वे जगराता कार्यक्रम में भी शामिल हुईं और भक्ति गीतों का आनंद लेते हुए तालियां बजाकर कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। विधायक ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन समाज में आस्था, विश्वास और एकता को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन लोगों को एक मंच पर लाकर सामाजिक समरसता को बढ़ावा देते हैं और धार्मिक मूल्यों को सुदृढ़ करते हैं। कार्यक्रम के दौरान आयोजन समिति द्वारा अतिथियों का चुनरी भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। समिति के सदस्यों ने पूरे आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित किया। इस भव्य आयोजन में समर कश्यप, संदीप रजक, राजेश कश्यप, भरत सोनी, व्यापारी संघ अध्यक्ष राजेश गुप्ता, मंडल अध्यक्ष मुकेश तायल, नगर पंचायत उपाध्यक्ष अजीत शरण सिंह, धीरज गुप्ता, अंकुर जायसवाल, प्रफुल्ल गुप्ता, पप्पल जायसवाल, , जनपद पंचायत अध्यक्ष सुखमनिया आयाम, विक्रम नामदेव, अमन मित्तल, संजीत जायसवाल, शुभम कश्यप, विक्रम सिंह, मंदिर पुजारी दीपक दुबे सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान भक्ति, आस्था और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना के साथ-साथ भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया और जगराता में भाग लेकर अपने मन को भक्ति में सराबोर किया। प्राचीन पक्की तालाब स्थित हनुमान मंदिर एवं सूर्य मंदिर एक बार फिर नगर के प्रमुख आस्था केंद्र के रूप में स्थापित हो गया, जहां इस प्रकार के आयोजन ने धार्मिक चेतना को नई ऊर्जा प्रदान की। हनुमान जयंती के इस भव्य आयोजन ने यह सिद्ध कर दिया कि भगवान बजरंगबली के प्रति लोगों की आस्था अटूट है। कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं के मन में भक्ति और विश्वास की जो ज्योति जली,वह लंबे समय तक नगरवासियों के हृदय में प्रज्वलित रहेगी।


Share

Check Also

प्रतापपुर,@आवास मिला…लेकिन अधूरा सूरजपुर में गरीबों के सपनों पर ‘किस्त’ का ताला

Share प्रतापपुर ब्लॉक सबसे ज्यादा प्रभावित…मजदूरी भी अटकी-आदिवासी परिवारों पर दोहरी मारप्रतापपुर, 23 अप्रैल 2026 …

Leave a Reply