

भव्य शोभायात्रा और भंडारे का आयोजन
हनुमान जयंती पर जिलेभर में दिखी श्रद्धा और आस्था की झलक
कोरिया,02 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। जिले में हनुमान जयंती के पावन अवसर पर विभिन्न हनुमान मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा और जगह-जगह भोग भंडारे का वितरण किया गया। पूरे जिले में भक्तिमय माहौल देखने को मिला।
पटना के दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर में विशेष अनुष्ठान-नगर पंचायत पटना स्थित दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर में हनुमान सेवा समिति द्वारा विशेष अनुष्ठान आयोजित किया गया, इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
भव्य भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने किया प्रसाद ग्रहण-दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर प्रांगण में हनुमान सेवा समिति द्वारा विशाल भोग भंडारे का आयोजन किया गया, हजारों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया, यह भंडारा देर शाम तक लगातार चलता रहा।
जिले के अन्य मंदिरों में भी हुआ आयोजन-जिला मुख्यालय के बाजारपारा स्थित हनुमान मंदिर में भी सुबह से श्रद्धालुओं की भीड़ देखी गई, यहां मंदिर समिति द्वारा विशेष पूजा-अर्चना और भंडारे की व्यवस्था की गई थी, इसके अलावा भवानी तिगड्डा मंदिर, नगर पंचायत शिवपुर चरचा,भखार,कटकोना सहित अन्य क्षेत्रों में भी हनुमान जयंती का पर्व पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया।
दिनभर चला भक्तिऔर सेवा का क्रम
पूरे जिले में दिनभर भक्ति, सेवा और श्रद्धा का माहौल बना रहा, जगह-जगह भंडारे आयोजित किए गए और श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया,हनुमान जयंती के अवसर पर कोरिया जिले में आस्था और श्रद्धा का अनूठा संगम देखने को मिला,विशेष रूप से पटना के दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर में आयोजित कार्यक्रम ने इस धार्मिक उत्सव को और भी भव्य बना दिया।
भव्य शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाब
हनुमान सेवा समिति पटना के तत्वावधान में नगर में भव्य और विशाल शोभायात्रा निकाली गई, शोभायात्रा में पटना सहित आसपास के क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालु शामिल हुए, इस दौरान ‘जय श्री राम’ और ‘हनुमान जी की जय’ के जयघोष से पूरा नगर गूंज उठा। श्रद्धालु भक्ति में लीन होकर पदयात्रा में शामिल हुए और नगर की परिक्रमा करते हुए मंदिर पहुंचे।
जनप्रतिनिधियों और नेताओं की रही उपस्थिति
शोभायात्रा में जिला पंचायत अध्यक्ष मोहित राम पैकरा, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष यवत कुमार सिंह सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता शामिल हुए। भाजपा और कांग्रेस के नेताओं ने भी शोभायात्रा में भाग लेकर श्रद्धालुओं के साथ पदयात्रा की और धार्मिक आयोजन में सहभागिता निभाई।
समिति सदस्यों ने निभाई सक्रिय भूमिका
आयोजन को सफल बनाने में समिति के राकेश सिंह, आकाश धनोरिया, गिरधारी लाल जायसवाल, कृष्ण बिहारी गुप्ता सहित अन्य सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, समिति के सदस्यों ने जयंती से पूर्व ही नगर को भगवा ध्वजों और सजावट से सुसज्जित किया और पूरे दिन श्रद्धालुओं की सेवा में लगे रहे।
मंदिर की ऐतिहासिक और धार्मिक महत्वता
पटना स्थित दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर एक प्राचीन और प्रसिद्ध मंदिर है, जिसकी ख्याति दूर-दूर तक फैली हुई है, यहां प्रतिवर्ष हनुमान जयंती पर भव्य आयोजन किया जाता है, जिसमें दूर-दराज से श्रद्धालु शामिल होते हैं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur