
-संवाददाता-
सोनहत,02 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। गुरुवार को अंचल सहित पूरे क्षेत्र में हनुमान जयंती का पर्व हर्षोल्लास और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर सोनहत स्थित गुरु कृपा मेडिकल के समीप हनुमान मंदिर में धार्मिक कार्यक्रमों की धूम रही, जहाँ बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
विधि-विधान से हुई पूजा-अर्चना
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह हनुमान जी के विशेष श्रृंगार और अभिषेक के साथ हुई, मंदिर के पुजारी द्वारा मंत्रोच्चार के बीच संकटमोचन हनुमान की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान हनुमान चालीसा और सुंदरकांड के पाठ से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर बजरंगबली के दर्शन किए और सुख-समृद्धि की कामना की।
सैकड़ों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
पूजा के पश्चात मंदिर परिसर में भव्य भंडारे का आयोजन किया गया,भक्ति और सेवा के इस समागम में क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने पहुँचकर प्रभु का प्रसाद ग्रहण किया,आयोजन समिति के सदस्यों और स्थानीय युवाओं ने सेवा भाव से भंडारे की व्यवस्था संभाली,जिससे देर शाम तक श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला जारी रहा।
इनका रहा सराहनीय योगदान
इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में स्थानीय श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से राजन पाण्डेय,सूर्यप्रकाश साहू, बलकरण सोनपाकर,जितेंद्र पटेल, मिथलेश राजवाड़े,गुलशन पाण्डेय,मारुति शर्मा,अविनाश परिडा और श्यामाधर यादव सहित कई अन्य श्रद्धालुओं का विशेष और सराहनीय योगदान रहा, इन सभी के निःस्वार्थ सेवा भाव की क्षेत्रवासियों ने काफी प्रशंसा की है।
इनका कहना है…
हनुमान जयंती के इस पावन अवसर पर मंदिर की सज्जा और भंडारे का आयोजन हर वर्ष की भांति इस बार भी अत्यंत भव्य रहा, श्रद्धालुओं की भारी भीड़ बजरंगबली के प्रति उनकी अटूट आस्था को दर्शाती है। ‘
सूर्य प्रकाश साहू स्थानीय निवासी
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur