Breaking News

कोरिया@ सियासत में सौहार्द की नई इबारत डॉ. महंत ने की मंत्री श्याम बिहारी की तारीफ

Share

चिरमिरी से मनेन्द्रगढ़ तक गूँजी क्षेत्रीय गौरव की गूँज
कोरिया,31 मार्च 2026(घटती-घटना)।
राजनीति के अखाड़े में अक्सर वैचारिक तलवारें खिंची रहती हैं, लेकिन जब धरातल पर क्षेत्रीय अस्मिता और विकास का प्रश्न आता है,तो छत्तीसगढ़ की माटी के सपूत दलगत सीमाओं को लांघकर अपनत्व का परिचय देना बखूबी जानते हैं। पिछले दो दिनों से मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर क्षेत्र की फिजाओं में सियासी कड़वाहट के बजाय एक ऐसी आत्मीयता घुली है, जिसने पूरे प्रदेश का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है।
कल चिरमिरी के पावन मंदिर परिसर में स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल और नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत के बीच हुई शिष्टाचार भेंट ने जो बीज बोया था, उसकी मिठास आज मनेन्द्रगढ़ में डॉ. महंत के शब्दों में स्पष्ट सुनाई दी।
हाल ही में सूरजपुर अस्पताल के निरीक्षण के दौरान कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े की नाराजगी और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर उनके द्वारा उठाए गए सवालों के बाद कयास लगाए जा रहे थे कि विपक्ष इस मुद्दे पर सरकार को घेरेगा। किंतु, राजनीति के चाणक्य कहे जाने वाले डॉ. चरणदास महंत ने एक अप्रत्याशित रुख अपनाते हुए स्वास्थ्य मंत्री का बचाव किया।
मीडिया से मुखातिब होते हुए डॉ. महंत ने बड़े ही बेबाक और गर्व भरे अंदाज में कहा- श्यामबिहारी जायसवाल केवल एक मंत्री नहीं, बल्कि हमारे अपने क्षेत्र के ऊर्जावान प्रतिनिधि हैं। मैं स्पष्ट रूप से मानता हूँ कि हमारा मंत्री उत्कृष्ट कार्य कर रहा है। जिसे ईर्ष्या होगी, वही उनकी आलोचना करेगा,हम तो उनके कर्मठ नेतृत्व और विकास कार्यों के साथ पूरी मजबूती से खड़े हैं।
अंतर्कलह पर विराम- जहाँ एक ओर भाजपा के भीतर से ही (लक्ष्मी राजवाड़े के माध्यम से) स्वास्थ्य विभाग पर उंगलियाँ उठी थीं,वहीं विपक्ष के सबसे कद्दावर नेता ने जायसवाल को क्लीन चिट देकर उनकी स्थिति को और अधिक सुदृढ़ कर दिया है। डॉ. महंत ने यह संदेश दे दिया है कि एमसीबी क्षेत्र के विकास के लिए वे वैचारिक मतभेदों को किनारे रखकर अपने क्षेत्र के मंत्री का मनोबल बढ़ाने से पीछे नहीं हटेंगे।


Share

Check Also

रायपुर@सट्टेबाजी गिरोह के मास्टरमाइंड बाबू खेमानी के घर क्राइम ब्रांच का छापा,विदेशी नेटवर्क और दस्तावेजों की जांच जारी

Share रायपुर,24 अप्रैल 2026। ऑनलाइन सट्टा एप 3 Stumps से जुड़े बड़े नेटवर्क पर रायपुर …

Leave a Reply