Breaking News

अम्बिकापुर@संजय पार्क से फिर हिरण फरार…वन विभाग की लापरवाही पर उठा सवाल

Share


-संवाददाता-
अम्बिकापुर,31 मार्च 2026 (घटती-घटना)। वन विभाग की लापरवाही थमने का नाम नहीं ले रही है। कुछ दिन पहले ही संजय पार्क में आवारा श्वानों के हमले में 15 हिरणों की मौत का मामला सामने आया था, और अब सोमवार रात एक और घटना ने विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार, सोमवार को पार्क का कर्मचारी हिरणों को चारा देने के लिए बाड़े में गया था। इसी दौरान बाड़े का गेट खुला रह गया और एक हिरण मौके का फायदा उठाकर जंगल की ओर भाग निकला। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में हडकंप मच गया। देर रात तक टीम जंगल में टॉर्च लेकर हिरण की तलाश करती रही, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। अधिकारियों को आशंका है कि जंगल में भटक रहे हिरण पर आवारा श्वानों का खतरा बना हुआ है। गौरतलब है कि एक सप्ताह पहले ही संजय पार्क में आवारा श्वानों ने बाड़े में घुसकर हिरणों पर हमला कर दिया था, जिसमें 15 हिरणों की मौत हो गई थी। इस घटना की उच्च स्तरीय जांच अभी तक पूरी नहीं हो पाई है। लगातार हो रही घटनाओं के बावजूद वन विभाग के जिम्मेदार अधिकारी इस मामले में कुछ भी कहने से बच रहे हैं। ताजा घटना के बाद पार्क की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। फिलहाल एहतियात के तौर पर संजय पार्क को आम लोगों के लिए बंद कर दिया गया है।
आम आदमी पार्टी नेता राजेन्द्र बहादुर सिंह के गंभीर आरोप…प्रदर्शन की चेतावनी

संजय पार्क से एक बार फिर हिरण के गायब होने की खबर ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस मामले को लेकर आम आदमी पार्टी के नेता राजेन्द्र बहादुर सिंह ने वन विभाग पर गंभीर आरोप लगाए हैं और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
रातभर चला सर्च अभियानः जानकारी के अनुसार, हिरण के गायब होने की सूचना के बाद वन विभाग की टीम रातभर जंगलों में उसकी तलाश करती रही। हालांकि अब तक हिरण का कोई पता नहीं चल पाया है।
वन विभाग पर लापरवाही के आरोपः आम आदमी पार्टीनेता राजेन्द्र बहादुर सिंह ने आरोप लगाया कि यह घटना वन विभाग की घोर लापरवाही का नतीजा है। उन्होंने कहा कि विभाग जंगल संरक्षण के बजाय अवैध कटाई पर आंखें मूंदे हुए है। उनका दावा है कि बांसवाड़ी क्षेत्र में खुलेआम जंगल काटे जा रहे हैं, लेकिन विभागीय अधिकारी कोई कार्रवाई नहीं कर रहे।
हिरणों की मौत पर भी उठाए सवाल : उन्होंने पूर्व में हुई लगभग 15 हिरणों की मौत को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि हिरणों को चारा बचाने के उद्देश्य से जंगल में छोड़ा जाता था, जहां पर्याप्त सुरक्षा नहीं थी। इसी दौरान कुत्तों के झुंड ने उन पर हमला किया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि वन विभाग द्वारा इस मामले में भ्रामक जानकारी दी गई।
आर्थिक अनियमितताओं का आरोपः आम आदमी पार्टीनेता ने यह भी आरोप लगाया कि विभागीय अधिकारी पशुओं के चारे और देखभाल के नाम पर फर्जी बिल बनाकर सरकारी धन का दुरुपयोग कर रहे हैं। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
प्रदर्शन की चेतावनी
मामले को लेकर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं में आक्रोश है। राजेन्द्र बहादुर सिंह ने कहा कि पार्टी विरोध प्रदर्शन करेगी और दोषियों को जेल भेजने की मांग करेगी। साथ ही उन्होंने वन मंत्री से नैतिकता के आधार पर इस्तीफा देने की मांग भी की।
विभाग का पक्ष
वन विभाग की ओर से मामले की जांच की बात कही जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि गायब हुए हिरण की तलाश जारी है और पूरे घटनाक्रम की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


Share

Check Also

प्रतापपुर,@आवास मिला…लेकिन अधूरा

Share सूरजपुर में गरीबों के सपनों पर ‘किस्त’ का तालाप्रतापपुर ब्लॉक सबसे ज्यादा प्रभावित…मजदूरी भी …

Leave a Reply