-संवाददाता-
अम्बिकापुर,30 मार्च 2026 (घटती-घटना)। लुण्ड्रा थाना क्षेत्र के ग्राम पटोरा में मामूली विवाद ने एक युवक की जान ले ली। हैंडपंप चलाने की बात पर हुए झगड़े में एक व्यक्ति ने युवक पर टांगी से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में मौत हो गई। पुलिस के अनुसार,ग्राम पटोरा जोबलापारा निवासी राकेश (20) पिता स्व. बनारसी 29 मार्च को अपने दोस्तों रामसाय और संजय के साथ बाइक से ग्राम करेसर गया था। अटल चौक के पास उसे गांव का ही लूर साय मिला, जो जंगल की रखवाली करता है। राकेश ने पानी पीने के लिए लूर साय से हैंडपंप चलाने को कहा। इस बात पर लूर साय नाराज हो गया और दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। गुस्से में आकर लूर साय ने अपने पास रखी टांगी से राकेश के दाहिने पैर के घुटने के पास वार कर दिया,जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों और पुलिस ने घायल को धौरपुर अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। डॉक्टरों के अनुसार,घुटने के पास नस कटने और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी जान गई। लुण्ड्रा थाना प्रभारी प्रदीप जायसवाल ने बताया कि घटना मामूली विवाद में हुई है। पुलिस मौके पर पहुंची थी,लेकिन आरोपी फरार हो गया। उसकी तलाश के लिए टीम लगाई गई है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur