परेड की सलामी ली,उत्कृष्ट पुलिसकर्मियों को किया पुरस्कृत
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,30 मार्च 2026 (घटती-घटना)। पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) दीपक कुमार झा ने सोमवार को सरगुजा जिले का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रक्षित केंद्र अंबिकापुर में परेड की सलामी ली और पुलिस बल के अनुशासन, वेश-भूषा व कार्यप्रणाली का बारीकी से निरीक्षण किया। बेहतर प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन भी किया गया। निरीक्षण के दौरान आईजी ने रक्षित केंद्र में उपलब्ध शासकीय वाहनों की स्थिति देखी और उनके नियमित रख-रखाव के निर्देश दिए। साथ ही कैश शाखा,स्टोर शाखा और पुलिस कैंटीन का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित रखने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। इसके बाद आयोजित पुलिस दरबार में आईजी ने अधिकारियों और कर्मचारियों से सीधा संवाद किया। उन्होंने उनकी समस्याएं सुनीं और कई मामलों में मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों को अनुशासन,ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए।
तकनीकी ज्ञान पर दिया जोर : आईजी झा ने सभी पुलिसकर्मियों को उत्तम गणवेश में रहने और सख्त अनुशासन पालन की सलाह दी। उन्होंने आधुनिक पुलिसिंग के लिए कंप्यूटर और तकनीकी ज्ञान को आवश्यक बताते हुए सभी को इसमें दक्ष होने के निर्देश दिए।
नशा व भ्रष्टाचार से दूर रहने की हिदायत
उन्होंने पुलिस बल को नशे और भ्रष्टाचार से दूर रहने की सख्त चेतावनी दी। कहा कि यदि किसी पुलिसकर्मी की आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता पाई जाती है, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
निर्माण कार्यों का लोकार्पण
निरीक्षण के दौरान आईजी ने पीसीएंडआर मद से रक्षित केंद्र में कराए गए विभिन्न निर्माण व मरम्मत कार्यों जैसे बाउंड्री वॉल, मीटिंग हॉल, विशेष शाखा रिनोवेशन और परेड मंच का लोकार्पण भी किया। इससे पहले उन्होंने थाना गांधीनगर और पुलिस अधीक्षक कार्यालय का भी निरीक्षण किया तथा कार्यालयीन कार्यों को समयबद्ध और पारदर्शी ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और जिले के सभी थाना-चौकी प्रभारी मौजूद रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur