
–संवाददाता-
सूरजपुर,30 मार्च 2026(घटती-घटना)। जिले में पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक ओर पत्नी की हत्या कर खुद को बचाने की कोशिश करने वाले आरोपी पति को गिरफ्तार किया है,वहीं दूसरी ओर नकली सोना देकर लाखों की ठगी करने वाले गिरोह का भी पर्दाफाश किया है। दोनों मामलों में पुलिस की त्वरित कार्रवाई और जांच ने सच्चाई सामने ला दी। सूरजपुर में सामने आए ये दोनों मामले यह दर्शाते हैं कि अपराधी चाहे कितना भी चालाकी से योजना बनाए,पुलिस की सघन जांच से बच पाना मुश्किल है। एक ओर घरेलू विवाद ने हत्या का रूप लिया,तो दूसरी ओर लालच का फायदा उठाकर ठगी की वारदात को अंजाम दिया गया—लेकिन दोनों ही मामलों में कानून ने तेजी से शिकंजा कस दिया।
पत्नी की हत्या कर खुद पहुंचा पुलिस चौकी,जांच में खुला राज
चौकी सलका-उमेश्वरपुर क्षेत्र के ग्राम तारकेश्वरपुर निवासी अलमा प्रजापति ने 4 मार्च 2026 को पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी पत्नी लीलावती की मौत अज्ञात कारणों से हो गई है, उसने बताया था कि वह 3 मार्च को बाहर गया हुआ था और लौटने पर पत्नी को जमीन पर पड़ा पाया,शुरुआती तौर पर मामला संदिग्ध मौत का लगा, लेकिन मर्ग जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मामला हत्या का निकला। जांच में सामने आया कि आरोपी अलमा प्रजापति का अन्य महिलाओं से बातचीत को लेकर पत्नी से अक्सर विवाद होता था, जिसके चलते वह मारपीट भी करता था, पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि घटना की रात पत्नी द्वारा चरित्र पर संदेह जताने पर उसने गुस्से में आकर हाथ-पैर,प्लास्टिक पाइप और चाकू से हमला कर हत्या कर दी,बाद में खुद को बचाने के लिए उसने मनगढ़ंत कहानी बनाकर पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई, पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू और पाइप बरामद कर उसे गिरफ्तार कर लिया है,आरोपी क्षेत्र का पुराना गुंडा बदमाश भी बताया जा रहा है।
नकली सोना दिखाकर 4.40 लाख की ठगी,4 आरोपी गिरफ्तार
दूसरे मामले में थाना चांदनी पुलिस ने नकली सोना देकर ठगी करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ग्राम दर्रीपारा निवासी बालरूप गुप्ता ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपियों ने पहले असली सोने का सैंपल दिखाकर भरोसा जीता और बाद में पीतल को सोने जैसा बनाकर उसे बेच दिया,घटना के अनुसार, आरोपियों ने 11 मार्च 2026 को रेडीपहरी चौक ठाडपाथर में नकली सोना देकर प्रार्थी से कुल 4 लाख 40 हजार रुपये ठग लिए, पुलिस ने मामले की जांच कर अर्जुन देवांगन,मोहन उर्फ सोनू,राजेन्द्र यादव और किशोरी लाल यादव को गिरफ्तार किया, आरोपियों के पास से 1 लाख 24 हजार रुपये नगद भी बरामद किए गए हैं। पूछताछ में सभी ने अपराध स्वीकार कर लिया है।
पुलिस की सख्ती से उजागर हुए दोनों मामले
दोनों ही मामलों में डीआईजी एवं एसएसपी सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देशन में पुलिस टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया। अधिकारियों के मार्गदर्शन में स्थानीय पुलिस टीमों ने सटीक जांच और तकनीकी आधार पर अपराधों का खुलासा किया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur