-संवाददाता-
कोरिया/पटना,30 मार्च 2026 (घटती-घटना)। थाना पटना क्षेत्रांतर्गत नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी के एक गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया है,आरोपी द्वारा महिला एवं बाल विकास विभाग तथा विद्यालय में नौकरी लगाने का झांसा देकर कई लोगों से लाखों रुपये ऐंठे गए।
आंगनबाड़ी सुपरवाइजर बनाने के नाम पर ठगी
प्रार्थिया आरती पटेल,निवासी ग्राम तेंदुआ, थाना पटना ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि टेंगनी निवासी आरोपी संदीप सिंह सारथी ने दिसंबर 2024 में आंगनबाड़ी सुपरवाइजर पद पर नौकरी दिलाने का झांसा दिया, आरोपी ने उससे अलग-अलग किश्तों में लगभग 2,40,000/- के साथ 44,000/- एवं 24,750/- की अतिरिक्त राशि ली, लेकिन नौकरी नहीं दिलाई और रकम हड़प ली।
शिक्षक भर्ती के नाम पर दो और पीडि़त
जांच में सामने आया कि आरोपी ने स्तुति पटेल और प्रियंका कुजूर को आत्मानंद विद्यालय में शिक्षक पद पर नौकरी दिलाने का लालच देकर दोनों से 1,80,000/-1,80,000/- की ठगी की। आरोपी ने किसी भी पीडि़त को नौकरी नहीं दिलाई।
अपराध दर्ज,विवेचना में हुआ खुलासा
प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना पटना में अपराध क्रमांक 89/2026, धारा 318(4) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई, जांच के दौरान आरोपी द्वारा ठगी की राशि से संपत्ति अर्जित करने के तथ्य सामने आए।
ठगी की रकम से खरीदी कार जब्त
विवेचना में पाया गया कि आरोपी ने ठगी की राशि से एक कार (क्रमांक सीजी 15 के 0226) खरीदी थी, जिसकी मासिक किस्त 24,700/- अदा की जा रही थी। पुलिस ने 27 मार्च 2026 को उक्त वाहन को आरोपी के कब्जे से जब्त कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद न्यायिक अभिरक्षा
पुलिस ने आरोपी को 27 मार्च 2026 को शाम 4ः30 बजे गिरफ्तार किया और नियमानुसार उसकी पत्नी बसंती को सूचना दी,आरोपी को न्यायालय बैकुंठपुर में प्रस्तुत किया गया,जहां से न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी के आदेश पर उसे जिला जेल बैकुंठपुर भेज दिया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई
पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रवि कुर्रे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. सुरेशा चौबे तथा एसडीओपी राजेश साहू के निर्देशन में की गई, थाना प्रभारी उपनिरीक्षक प्रमोद पांडे एवं प्रधान आरक्षक सत्येंद्र तिवारी की टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस की अपील
थाना पटना पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नौकरी दिलाने के नाम पर किसी भी अज्ञात व्यक्ति को धनराशि न दें,किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur