-संवाददाता-
अम्बिकापुर,30 मार्च 2026 (घटती-घटना)। क्षेत्रीय विकास को गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज ने ग्राम पंचायत चठीरमा के अंतर्गत विभिन्न निर्माण कार्यों का विधिवत भूमि पूजन किया,इस अवसर पर कुल 2 करोड़ 84 लाख 72 हजार रुपये की लागत से होने वाले विकास कार्यों की शुरुआत की गई, जिससे क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।
खेल मैदान में मंच एवं शेड निर्माण से बढ़ेंगी सामाजिक गतिविधियां-कार्यक्रम का आयोजन ग्राम बढ़नी झरिया स्थित खेल मैदान में किया गया, जहां 2 लाख रुपये की लागत से मंच एवं शेड निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया गया, इस निर्माण से गांव में आयोजित होने वाले सामाजिक, सांस्कृतिक और खेलकूद कार्यक्रमों को बेहतर मंच मिलेगा, साथ ही युवाओं और ग्रामीणों को एक स्थायी स्थान उपलब्ध होगा।
2.84 करोड़ की सड़क परियोजनाः गांव से शहर तक मजबूत कनेक्टिविटी-कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण श्री अग्रसेन गौशाला रोड चठीरमा से मेंडराखुर्द तक सड़क निर्माण का भूमि पूजन रहा, जिसकी लागत 284.72 लाख रुपये है, यह सड़क गांव को मुख्य मार्गों और शहर से जोड़ेगी,आवागमन को सुगम बनाएगी, बरसात के समय होने वाली समस्याओं को कम करेगी,शिक्षा,स्वास्थ्य और व्यापारिक गतिविधियों को गति देगी स्थानीय लोगों के अनुसार,यह सड़क लंबे समय से क्षेत्र की प्रमुख मांगों में शामिल थी।
विधायक का संदेश : सड़क विकास की रीढ़ – विधायक प्रबोध मिंज ने अपने संबोधन में कहा कि सड़क केवल आवागमन का साधन नहीं,बल्कि विकास की रीढ़ होती है, उन्होंने कहा बेहतर सड़क से मरीजों को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी,छात्रों को स्कूल और कॉलेज तक पहुंचने में सुविधा होगी,किसानों और व्यापारियों को बाजार तक पहुंच आसान होगी, रोजगार और व्यवसाय के नए अवसर पैदा होंगे,उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए लगातार प्रयास जारी रहेंगे।
जनसंवाद और त्वरित समाधान की पहल- भूमि पूजन कार्यक्रम के बाद विधायक ने ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित किया,उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को फोन के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए,इस पहल से ग्रामीणों में भरोसा और संतोष का माहौल देखने को मिला।
भव्य स्वागत,बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद-कार्यक्रम में विधायक का लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों एवं ग्रामीणों द्वारा माल्यार्पण और पुष्पगुच्छ से भव्य स्वागत किया गया,इस अवसर पर प्रमुख रूप से भरत सिंह सिसोदिया (भाजपा जिला अध्यक्ष), दिव्या सिंह सिसोदिया (जिला पंचायत सदस्य), विनोद हर्ष, अरुणा सिंह (जिला महामंत्री),विजय व्यापारी (जनपद सभापति),संतोष जायसवाल (मंडल अध्यक्ष),रवि उरांव (पार्षद),अमृत लाल यादव (युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष), सरिता मिश्रा (महिला मोर्चा महामंत्री),सोनिया पंडो (सरपंच,चठीरमा),हीरामणि सोनपाकार (सरपंच, मेंडराखुर्द) प्रीति सिंह (सरपंच, डिगमा) सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur