Breaking News

बलरामपुर@ मवेशी तस्करी के बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़

Share

,4 आरोपी गिरफ्तार
दो पिकअप व एक कार जब्त,14 भैंस बरामद
बलरामपुर,30 मार्च 2026 (घटती-घटना)।
जिले के रघुनाथनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बलंगी चौकी इलाके में पुलिस ने मवेशी तस्करी के एक बड़े संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो पिकअप वाहन,एक ग्रैंड विटारा कार तथा 14 नग भैंस/भैंसी बरामद किए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि बलंगी क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध मवेशी तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर एसडीओपी वाड्रफनगर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 28-29 मार्च की मध्यरात्रि चौकी बलंगी में घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की। इस दौरान तेज गति से आ रहे संदिग्ध वाहनों को रोकने के लिए पुलिस ने बैरियर लगाकर घेराबंदी की। कार्रवाई के दौरान दो पिकअप वाहनों को पकड़ लिया गया,जबकि उनके चालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। तलाशी लेने पर दोनों वाहनों में 7-7 नग भैंस लदी मिली। इसी दौरान एक संदिग्ध ग्रैंड विटारा कार (सीजी 30 जी-5161) को भी मौके से जब्त कर उसके चालक जितेंद्र कुमार जायसवाल निवासी केसारी को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने मानिकचंद सोनवानी, दीपक सोनवानी एवं अन्य साथियों के साथ मिलकर मवेशी तस्करी करने की बात स्वीकार की। जांच में यह भी सामने आया कि तस्करी से प्राप्त राशि आरोपी मानिकचंद सोनवानी की पत्नी देवमती सोनवानी के बैंक खाते में जमा की जाती थी।पुलिस ने चारों आरोपियों—जितेंद्र कुमार जायसवाल, मानिकचंद सोनवानी, देवमती सोनवानी एवं दीपक सोनवानी—को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 111 (1)(2) बीएनएस, छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2005 की धारा 4, 6, 10 तथा पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11 (1)(घ) के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
पुलिस का सख्त रुख
पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा के मार्गदर्शन एवं पुलिस अधीक्षक बलरामपुर वैभव बैंकर (भा.पु.से.) के निर्देश पर जिले में मवेशी तस्करों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, इस तरह के संगठित अपराध में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है तथा मामले की विस्तृत विवेचना की जा रही है।


Share

Check Also

प्रतापपुर,@आवास मिला…लेकिन अधूरा सूरजपुर में गरीबों के सपनों पर ‘किस्त’ का ताला

Share प्रतापपुर ब्लॉक सबसे ज्यादा प्रभावित…मजदूरी भी अटकी-आदिवासी परिवारों पर दोहरी मारप्रतापपुर, 23 अप्रैल 2026 …

Leave a Reply