,
कांग्रेस जांच दल ने किया निरीक्षण
डीएफओ से मुलाकात,पोस्टमार्टम रिपोर्ट व वीडियोग्राफी की मांग
अम्बिकापुर,30 मार्च 2026 (घटती-घटना)। संजय पार्क में 15 हिरणों की मौत के मामले में जांच तेज हो गई है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा गठित 6 सदस्यीय जांच दल ने सोमवार को संजय पार्क का दौरा कर घटनास्थल का निरीक्षण किया और सरगुजा रेंज के डीएफओ से मुलाकात कर कई बिंदुओं पर जानकारी ली। जांच दल का नेतृत्व पूर्व मंत्री अमरजीत भगत कर रहे हैं। टीम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक, पूर्व श्रम कल्याण बोर्ड अध्यक्ष शफी अहमद, प्रदेश महामंत्री द्वितेंद्र मिश्र, जिला महामंत्री हेमंत तिवारी और अनूप मेहता शामिल हैं। दल ने हिरणों के बाड़े,मृत वन्यजीवों को रखने के स्थान, पोस्टमार्टम स्थल और दाह संस्कार स्थल का निरीक्षण किया। साथ ही पार्क की देखरेख करने वाली समिति के पदाधिकारियों और कर्मचारियों से पूछताछ की। जांच दल ने डीएफओ से पार्क की देखरेख कर रही समिति की वैधानिकता और वन विभाग की जिम्मेदारियों को लेकर सवाल किए। साथ ही मृत हिरणों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूरी घटना की वीडियोग्राफी की मांग की गई।
कुत्तों के प्रवेश पर उठे सवाल : मीडिया से चर्चा में अमरजीत भगत ने कहा कि जिस स्थान से कुत्तों के बाड़े में घुसने की बात कही जा रही है, वह प्रथम दृष्टया संदिग्ध लगता है। उन्होंने यह भी कहा कि पार्क की देखरेख करने वाली समिति को लेकर कई विवाद सामने आ रहे हैं।
जांच दल ने कहा कि रिपोर्ट जल्द ही प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को सौंपी जाएगी और इसके बाद पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। इस दौरान कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur