


सूरजपुर में भक्त माता कर्मा जयंती: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने साहू समाज को बताया विकास की धुरी
कर्मा जयंती मंच से मुख्यमंत्री का संदेश—‘मोदी की गारंटी ज़मीन पर उतरी’
साहू समाज के मंच से विकास और योजनाओं का लेखा-जोखा, विपक्ष पर अप्रत्यक्ष निशाना
सूरजपुर,29 मार्च 2026(घटती-घटना)। प्रदेश स्तरीय भक्त माता कर्मा जयंती महोत्सव में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए और कार्यक्रम को संबोधित करते हुए साहू समाज को प्रदेश के विकास में अग्रणी भूमिका निभाने वाला गौरवशाली समाज बताया। भव्य आयोजन में बड़ी संख्या में समाजजन, जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
भक्त माता कर्मा जयंती महोत्सव न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र बना, बल्कि सामाजिक एकता, विकास और जनभागीदारी का भी संदेश देने वाला आयोजन साबित हुआ। मुख्यमंत्री के संबोधन और घोषणाओं ने साहू समाज सहित पूरे क्षेत्र में नई ऊर्जा का संचार किया।
साहू समाज की गौरवशाली परंपरा पर मुख्यमंत्री का जोर
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि साहू समाज ने हमेशा प्रदेश के सामाजिक और आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है,उन्होंने भक्त माता कर्मा,माता राजिम दाई और दानवीर भामाशाह जैसी विभूतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि यह समाज प्रेरणा और समर्पण का प्रतीक है, उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी को राज्य सरकार ने चरणबद्ध तरीके से पूरा किया है,किसानों,महिलाओं और भूमिहीन मजदूरों के लिए चलाई जा रही योजनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि करोड़ों रुपये की सहायता सीधे हितग्राहियों के खातों में पहुंचाई गई है।
योजनाओं और विकास कार्यों की दी जानकारी
मुख्यमंत्री ने बताया कि 25 लाख से अधिक किसानों को 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक की अंतर राशि दी गई,महतारी वंदन योजना के तहत 70 लाख से अधिक महिलाओं को 16 हजार करोड़ रुपये वितरित, 5 लाख भूमिहीन मजदूरों को 10-10 हजार रुपये की सहायता, रामलला दर्शन योजना से 42 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या पहुंचे, मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना से हजारों बुजुर्ग लाभान्वित।
नक्सलवाद पर नियंत्रण और बस्तर में विकास
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में विकास की सबसे बड़ी बाधा नक्सलवाद रहा,लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में अब यह समाप्ति की कगार पर है,उन्होंने बताया कि 400 से अधिक गांवों को मुख्यधारा से जोड़ा जा चुका है, जहां अब सड़क,बिजली,स्कूल और अस्पताल जैसी सुविधाएं पहुंच रही हैं।
वैश्विक हालात पर भी दिया संदेश
मुख्यमंत्री ने पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध और ऊर्जा संकट का जिक्र करते हुए कहा कि भारत मजबूत नेतृत्व और बेहतर समन्वय के कारण सुरक्षित स्थिति में है। उन्होंने लोगों से अफवाहों से बचने की अपील भी की।
समाज के लिए की महत्वपूर्ण घोषणाएं…
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने साहू समाज के छात्रावास/सामाजिक भवन हेतु 50 लाख रुपये समाज की भूमि पर बाउंड्री वॉल निर्माण हेतु 25 लाख रुपये की घोषणा की।
प्रतिमा पर माल्यार्पण,एकता का संदेश…
कार्यक्रम से पूर्व मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सूरजपुर रिंग रोड स्थित भक्त माता कर्मा चौक पर पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की और माता कर्मा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। यह आयोजन सर्वसमाज की एकता और आस्था का प्रतीक बनकर सामने आया।
केंद्रीय मंत्री और अन्य जनप्रतिनिधियों का संबोधन
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने साहू समाज की परंपरा और योगदान को रेखांकित करते हुए शिक्षा, संगठन और अनुशासन को समाज की प्रगति का आधार बताया, इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल,महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी रजवाड़े,पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल सहित कई विधायक,जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur