Breaking News

अम्बिकापुर@अंबिकापुर से दिल्ली-कोलकाता के लिए सीधी उड़ान आज से शुरू

Share


8 माह बाद बहाल हवाई सेवा,व्यापार-पर्यटन को मिलेगी नई रफ्तार


-संवाददाता-
अम्बिकापुर,29 मार्च 2026 (घटती-घटना)। उत्तर छत्तीसगढ़ की एयर कनेक्टिविटी में 30 मार्च से नया अध्याय जुडऩे जा रहा है। अंबिकापुर के मां महामाया एयरपोर्ट, दरिमा से दिल्ली और कोलकाता के लिए सीधी विमान सेवा शुरू होगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय वर्चुअल माध्यम से इसका शुभारंभ करेंगे। रविवार को सांसद चिंतामणि महाराज ने एलायंस एयर के अधिकारियों के साथ एयरपोर्ट का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि उड़ानों के संचालन के लिए सभी तकनीकी व प्रबंधकीय तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए एयरपोर्ट तक पहुंच मार्ग और पार्किंग व्यवस्था भी दुरुस्त कर दी गई है। सोमवार को दिल्ली से आने वाली फ्लाइट सुबह 11.35 बजे अंबिकापुर पहुंचेगी और 12 बजे दिल्ली के लिए रवाना होगी। यह यात्रा करीब 2 घंटे 10 मिनट में पूरी होगी। सांसद चिंतामणि महाराज पहले यात्री के रूप में इस उड़ान में शामिल होंगे। विमान सेवा के शुभारंभ के अवसर पर 30 मार्च सुबह 10 बजे पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम में कार्यक्रम आयोजित होगा। मुख्यमंत्री वर्चुअल माध्यम से हरी झंडी दिखाएंगे।
क्षेत्रीय विकास को मिलेगी गति
दिल्ली और कोलकाता से सीधा जुड़ाव सरगुजा संभाग के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। इससे मैनपाट सहित पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी व्यापारियों को बड़े बाजारों तक सीधी पहुंच मिलेगी, शिक्षा व स्वास्थ्य के लिए यात्रा करने वालों का समय बचेगा।
8 माह बाद फिर शुरू हुई सेवा
अंबिकापुर एयरपोर्ट से दिसंबर 2024 में उड़ान योजना के तहत हवाई सेवा शुरू हुई थी, लेकिन अनियमित संचालन के कारण करीब 6 माह में बंद हो गई थी। पिछले 8 महीनों से सेवा पूरी तरह ठप थी, जो अब फिर से शुरू हो रही है।
एलायंस एयर का शेड्यूल
– सोमवार- दिल्ली-बिलासपुर-अंबिकापुर (11.35 आगमन), 12 प्रस्थान
– बुधवार- दिल्ली-अंबिकापुर (10.25 आगमन),12 बिलासपुर होते हुए वापसी
कोलकाता रूट
– शनिवार- कोलकाता-बिलासपुर-अंबिकापुर (10 आगमन),10.25 प्रस्थान
– गुरुवार- कोलकाता-अंबिकापुर (8.50 आगमन),9.15 बिलासपुर होते हुए वापसी टिकट बुकिंग एलायंस एयर की वेबसाइट सहित अन्य प्लेटफॉर्म पर शुरू हो चुकी है।
अंबिकापुर-दिल्ली व कोलकाता हवाई सेवा शुरू,राकेश तिवारी ने दी बधाई…

अंबिकापुर से दिल्ली और कोलकाता के लिए हवाई सेवा प्रारंभ होने पर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता राकेश तिवारी ने हवाई सेवा शुरू होने पर क्षेत्रवासियों को बधाई दी और इसे सरगुजा संभाग के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। राकेश तिवारी ने कहा कि लंबे समय से इस सेवा की मांग की जा रही थी, जो अब पूरी हुई है। इससे न केवल आम नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी, बल्कि व्यापार,शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में भी नई संभावनाएं खुलेंगी। उन्होंने साथ ही व्यंग्यात्मक लहजे में कहा कि पिछली बार अंबिकापुर-रायपुर हवाई सेवा शुरू होकर बंद हो गई थी,इसलिए इस बार केवल उद्घाटन और फोटो सेशन तक सीमित न रहकर सेवा की निरंतरता पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि अनावश्यक दिखावे से बचते हुए हवाई सेवा के नियमित संचालन को प्राथमिकता दी जानी चाहिए,ताकि आम जनता को इसका वास्तविक लाभ मिल सके। राकेश तिवारी ने उम्मीद जताई कि यह हवाई सेवा लंबे समय तक संचालित रहेगी और क्षेत्र के विकास में अहम भूमिका है।


Share

Check Also

प्रतापपुर,@आवास मिला…लेकिन अधूरा

Share सूरजपुर में गरीबों के सपनों पर ‘किस्त’ का तालाप्रतापपुर ब्लॉक सबसे ज्यादा प्रभावित…मजदूरी भी …

Leave a Reply