कोरिया/बैकुंठपुर,22 मार्च 2026 (घटती-घटना)। संभागीय आबकारी उड़नदस्ता सरगुजा टीम ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कोरिया जिले के जामपारा निवासी लक्ष्मण को लगभग 3 किलो गांजे के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, इस कार्रवाई से क्षेत्र में नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है।
मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई-सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि टीम बैकुंठपुर में मदिरा दुकानों की जांच कर रही थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि जामपारा निवासी लक्ष्मण अपने घर में भारी मात्रा में गांजा रखकर बिक्री कर रहा है, सूचना मिलते ही टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी के घर दबिश दी।
शयन कक्ष से मिला गांजा- तलाशी के दौरान आरोपी के घर के शयन कक्ष से एक झोले में रखे 2.883 किलोग्राम (लगभग 3 किलो) गांजा बरामद किया गया। इसके बाद आरोपी लक्ष्मण को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई- आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज किया गया, गिरफ्तारी के बाद उसे बैकुंठपुर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने का आदेश दिया गया।
टीम का रहा अहम योगदान- इस कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में मुख्य आरक्षक अशोक सोनी,नगर सैनिक गणेश पांडे,रणविजय सिंह,महिला सैनिक राजकुमारी सिंह एवं नीरज चौहान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
नशे के खिलाफ अभियान जारी- रंजीत गुप्ता ने बताया कि आबकारी उड़नदस्ता टीम सरगुजा संभाग के सभी जिलों में नशे के सौदागरों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है और आगे भी यह अभियान जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि पूरे संभाग को नशा मुक्त बनाने की दिशा में विभाग लगातार प्रयासरत है।
क्षेत्र में मचा हड़कंप– इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध नशे के कारोबार से जुड़े लोगों में डर का माहौल है। आबकारी विभाग की इस सख्ती से साफ है कि अब नशे के खिलाफ कार्रवाई और तेज होने वाली है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur