-संवाददाता-
कोरिया,21 मार्च 2026 (घटती-घटना)। भारतीय जनता पार्टी ने अपने संगठनात्मक ढांचे को और मजबूत करते हुए कोरिया जिले को महत्वपूर्ण प्रतिनिधित्व दिया है। प्रदेश कार्यसमिति में जिले के तीन प्रमुख नेताओं विधायक भैयालाल राजवाड़े, पूर्व जिलाध्यक्ष कृष्ण बिहारी जायसवाल और जिला पंचायत अध्यक्ष मोहित पैकरा को अहम जिम्मेदारियाँ सौंपे जाने से जिले में राजनीतिक उत्साह का माहौल बन गया है, पार्टी कार्यकर्ताओं में इसे संगठन की मजबूती और क्षेत्रीय संतुलन की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
प्रदेश कार्यसमिति में कोरिया जिले को मिला यह प्रतिनिधित्व न केवल संगठनात्मक मजबूती का संकेत है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि पार्टी स्थानीय नेतृत्व को महत्व देते हुए उसे प्रदेश स्तर तक पहुंचाने की दिशा में काम कर रही है, आने वाले समय में इन नियुक्तियों का असर जिले की राजनीति और संगठन दोनों में देखने को मिल सकता है।
कार्यकर्ताओं में उत्साह, संगठन को मिलेगी नई ऊर्जा
इन तीनों नेताओं की नियुक्ति से कोरिया जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह और गर्व का माहौल है,कार्यकर्ताओं का मानना है कि इससे जिले की आवाज अब प्रदेश स्तर पर और मजबूती से उठेगी तथा संगठन को नई दिशा मिलेगी।
कृष्ण बिहारी जायसवाल बने प्रदेश कार्यसमिति सदस्य
पूर्व जिलाध्यक्ष कृष्ण बिहारी जायसवाल को प्रदेश कार्यसमिति सदस्य बनाया गया है,वे लंबे समय से संगठन में सक्रिय भूमिका निभाते आए हैं और कोरिया जिले में भाजपा संगठन को मजबूत करने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है,उनकी नियुक्ति को संगठन के प्रति उनकी निष्ठा और कार्यशैली का सम्मान माना जा रहा है। इससे कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है।
भैयालाल राजवाड़े को स्थायी आमंत्रित सदस्य का दायित्व
बैकुंठपुर विधायक भैयालाल राजवाड़े को प्रदेश कार्यसमिति का स्थायी आमंत्रित सदस्य बनाया गया है,वे भाजपा के वरिष्ठ और अनुभवी नेता हैं तथा पूर्व में छत्तीसगढ़ शासन में कैबिनेट मंत्री के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं,उनकी राजनीतिक समझ और प्रशासनिक अनुभव को देखते हुए यह जिम्मेदारी संगठन के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
मोहित पैकरा बने पदेन सदस्य,युवाओं को मिला प्रतिनिधित्व
जिला पंचायत अध्यक्ष मोहित पैकरा को प्रदेश कार्यसमिति में पदेन सदस्य के रूप में शामिल किया गया है,वे जिले के एक युवा और सक्रिय नेता के रूप में पहचाने जाते हैं,उनकी नियुक्ति को भाजपा द्वारा युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है,जिससे संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती मिलने की उम्मीद है।
जिलाध्यक्ष देवेंद्र तिवारी ने दी बधाई…
भाजपा कोरिया जिलाध्यक्ष देवेंद्र तिवारी ने तीनों नेताओं को बधाई देते हुए कहा कि यह जिले के लिए गौरव का क्षण है, उन्होंने विश्वास जताया कि इन नियुक्तियों से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और पार्टी की नीतियों को जमीनी स्तर पर और प्रभावी ढंग से लागू किया जा सकेगा।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur