Breaking News

अम्बिकापुर@म्यूल अकाउंट गिरोह का भंडाफोड़,3 आरोपी गिरफ्तार

Share


101 पासबुक,35 एटीएम सहित लाखों की ठगी का नेटवर्क उजागर

अम्बिकापुर,20 मार्च 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा पुलिस ने साइबर ठगी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए म्यूल अकाउंट के जरिए धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी कमीशन के लालच में युवाओं के बैंक खाते और एटीएम लेकर उन्हें अवैध लेन-देन में इस्तेमाल कर रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 101 पासबुक,35 एटीएम कार्ड,28 चेकबुक,3 मोबाइल,3 सिम कार्ड और 1 लाख 36 हजार रुपए नगद जब्त किए हैं। थाना गांधीनगर पुलिस को 19 मार्च को सूचना मिली कि बनारस रोड स्थित एक भवन में किराए पर रह रहा युवक राहुल गुप्ता अवैध रूप से बैंक खाते खुलवाकर बेच रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर छापा मारा,जहां से बड़ी मात्रा में बैंक दस्तावेज और नगदी बरामद हुई। पूछताछ में खुलासा हुआ कि राहुल गुप्ता अपने साथी विकास किर्तनिया और आशुतोष शर्मा के साथ मिलकर युवाओं को लालच देकर उनके नाम से सिम और बैंक खाते खुलवाता था। बाद में इन खातों में साइबर ठगी की रकम ट्रांसफर कर अवैध लाभ कमाया जाता था। तीनों आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने इनके खिलाफ मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया,जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। यह पूरी कार्रवाई डीआईजी एवं एसएसपी के निर्देशन और नगर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में थाना गांधीनगर पुलिस टीम द्वारा की गई। मामले की जांच अभी जारी है।


Share

Check Also

मुंगेली@फास्टरपुर में दर्दनाक सड़क हादसा..बेटी की शादी की खरीदारी कर लौट रहे दंपत्ति की मौत

Share मुंगेली,23 अप्रैल 2026। मुंगेली जिले के फास्टरपुर थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक सड़क …

Leave a Reply