कोरिया/सोनहत,19 मार्च 2026 (घटती-घटना)। छत्तीसगढ़ में आगामी चुनावों को देखते हुए कांग्रेस संगठन अब जमीनी स्तर पर अपनी पकड़ मजबूत करने की रणनीति में जुट गया है,प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार हर वार्ड और बूथ स्तर पर कमेटियों के गठन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है,इसी कड़ी में युवा नेता प्रकाश चंद्र साहू को सोनहत ब्लॉक का प्रभारी नियुक्त किया गया है, यह नियुक्ति केवल एक पद नहीं, बल्कि संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय और मजबूत बनाने की बड़ी जिम्मेदारी मानी जा रही है।
बूथ स्तर से संगठन को ‘अजेय’ बनाने की रणनीति- कांग्रेस की नई रणनीति साफ है बूथ जीतो, चुनाव जीतो, इसी सोच के तहत प्रत्येक वार्ड और गांव में सक्रिय कार्यकर्ताओं की टीम तैयार की जाएगी। प्रकाश चंद्र साहू को यह जिम्मेदारी देकर प्रदेश नेतृत्व ने यह संकेत दिया है कि अब संगठन का फोकस पूरी तरह जमीनी मजबूती पर है।
युवा चेहरे पर दांवः कार्यकर्ताओं में उत्साह- प्रकाश चंद्र साहू लंबे समय से क्षेत्र में सक्रिय हैं और युवाओं के बीच उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है,उनकी नियुक्ति के बाद सोनहत ब्लॉक में कार्यकर्ताओं के बीच उत्साह का माहौल देखा जा रहा है, स्थानीय स्तर पर यह संदेश साफ गया है कि पार्टी अब नए और सक्रिय चेहरों को आगे बढ़ाने के मूड में है।
प्रकाश चंद्र साहू का स्पष्ट संदेशः ‘हर बूथ होगा अजेय ‘- नियुक्ति के बाद प्रकाश चंद्र साहू ने कहा प्रदेश नेतृत्व ने मुझ जैसे कार्यकर्ता पर जो विश्वास जताया है, उसके लिए मैं आभारी हूँ, मेरी प्राथमिकता सोनहत ब्लॉक के हर बूथ को अजेय बनाना है। हम गांव-गांव जाकर मजबूत और निष्ठावान टीम खड़ी करेंगे और कांग्रेस की विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाएंगे, उनके इस बयान से साफ है कि वे आक्रामक संगठनात्मक रणनीति के साथ मैदान में उतरने वाले हैं।
पूर्व विधायक गुलाब कमरो का समर्थन- पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने भी इस नियुक्ति का स्वागत करते हुए कहा कि प्रकाश चंद्र साहू एक ऊर्जावान और समर्पित युवा नेता हैं, उनकी नियुक्ति से संगठन को नई गति मिलेगी, उन्होंने विश्वास जताया कि साहू हर बूथ और वार्ड में कार्यकर्ताओं को एकजुट कर कांग्रेस को मजबूत बनाएंगे।
राजनीतिक संकेतः जमीनी लड़ाई की तैयारी- यह नियुक्ति सिर्फ संगठनात्मक बदलाव नहीं, बल्कि आगामी चुनावों की तैयारी का संकेत भी है, कांग्रेस अब सीधे जनता के बीच जाकर मुद्दों को उठाने और विपक्ष की भूमिका को मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है।
बूथ से बनेगी जीत की नींव- सोनहत ब्लॉक में प्रकाश चंद्र साहू की नियुक्ति से यह साफ हो गया है कि कांग्रेस अब संगठन को नीचे से ऊपर तक मजबूत करने में जुट गई है, अगर यह रणनीति सफल होती है, तो आने वाले चुनावों में इसका सीधा असर देखने को मिल सकता है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur