सीर्ली सेटिया समेत स्थानीय व छत्तीसगढ़ी कलाकार देंगे शानदार प्रस्तुतियां
सूरजपुर,17 मार्च 2026 (घटती-घटना)। चैत्र नवरात्रि की पावन बेला में माता कुदरगढ़ी की पवित्र धरा एक बार फिर भक्ति,संस्कृति और उत्सव की रंगत से सराबोर होने जा रही है,सूरजपुर जिले के विकासखंड ओड़गी अंतर्गत ग्राम पंचायत कुदरगढ़ में 23 मार्च से 25 मार्च 2026 तक तीन दिवसीय कुदरगढ़ महोत्सव 2026 का भव्य आयोजन किया जाएगा।
आस्था और उत्सव के इस अद्भुत संगम में जिले सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु,नागरिक और संस्कृति प्रेमी शामिल होंगे,नवरात्रि के इस विशेष अवसर पर आयोजित होने वाला यह महोत्सव धार्मिक श्रद्धा के साथ-साथ लोक संस्कृति और कला का भी शानदार मंच बनेगा।
भजन और संगीत से गुंजेगा पूरा कुदरगढ़– महोत्सव के पहले दिन 23 मार्च को सुप्रसिद्ध ‘भजन बैंड-लीला’ अपनी भक्तिमय प्रस्तुतियों से वातावरण को भक्ति रस में सराबोर कर देंगे,भजन और देवी गीतों की मनमोहक प्रस्तुति श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर देगी,महोत्सव के समापन दिवस 25 मार्च को प्रसिद्ध गायिका सीर्ली सेटिया अपनी मधुर आवाज से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगी। उनके गीतों की प्रस्तुति इस महोत्सव का सबसे बड़ा आकर्षण मानी जा रही है,जिसका बेसब्री से इंतजार किया जा रहा है।
स्थानीय कलाकारों को भी मिलेगा मंच- तीनों दिन स्थानीय व छत्तीसगढ़ी कलाकारों द्वारा भी भक्तिमय और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी,इन प्रस्तुतियों के माध्यम से क्षेत्र की लोक परंपराओं,लोकगीतों और सांस्कृतिक विरासत की जीवंत झलक देखने को मिलेगी,इस तरह कुदरगढ़ महोत्सव न केवल भक्ति का पर्व होगा बल्कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति को मंच देने वाला एक महत्वपूर्ण आयोजन भी बनेगा।
दोपहर से शुरू होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम- यह तीन दिवसीय महोत्सव ग्राम पंचायत कुदरगढ़,विकासखंड ओड़गी, जिला सूरजपुर में आयोजित किया जाएगा, प्रतिदिन दोपहर 2ः00 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत होगी,जो देर शाम तक जारी रहेंगे और दर्शकों को बांधे रखेंगे।
प्रशासन ने नागरिकों से की अपील- जिला प्रशासन सूरजपुर ने जिले के सभी नागरिकों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अपनी गरिमामय उपस्थिति दर्ज कर महोत्सव को भव्य और सफल बनाएं तथा भक्ति और संस्कृति के इस अद्भुत आयोजन का हिस्सा बनें।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur