Breaking News

सूरजपुर@सरिया बिक्री की रकम से खरीदे गए तीन ट्रक जब्त,कुल कीमत लगभग 1.50 करोड़

Share


-संवाददाता-
सूरजपुर,16 मार्च 2026 (घटती-घटना)। अमानत में खयानत के एक बड़े मामले में फरार चल रहे आरोपी को पकड़ने में सूरजपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है,पुलिस टीम ने उत्तरप्रदेश में दबिश देकर लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, इससे पहले इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और सरिया बिक्री से खरीदे गए तीन ट्रकों को भी जब्त किया गया है, जिनकी कुल कीमत लगभग 1 करोड़ 50 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 14 जनवरी 2026 को ग्राम नयनपुर निवासी अमित पाण्डेय ने थाना सूरजपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके यू.बी. वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड प्लांट नयनपुर से ट्रक क्रमांक UP 61 AT 2832 के चालक राहुल सिंह यादव को लगभग 30 टन 160 किलो सरिया (छड़) लोड कर भदौरी, उत्तरप्रदेश भेजा गया था, लेकिन आरोपी चालक ने विश्वासघात करते हुए सरिया को गंतव्य तक न पहुंचाकर बेईमानीपूर्वक हड़प लिया। गायब किए गए सरिया की कीमत करीब 15 लाख 23 हजार 908 रुपये बताई गई, प्रार्थी की शिकायत पर थाना सूरजपुर में अपराध क्रमांक 23/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (ख्हृस्) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
उत्तरप्रदेश में दबिश देकर पकड़ा गया आरोपी- मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी व एसएसपी सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर ने फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की थी, पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर उत्तरप्रदेश के मिर्जापुर जिले के विंध्याचल क्षेत्र में दबिश दी और फरार आरोपी सुनील विश्वकर्मा (28 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ग्राम बहुर, थाना सिंगरामऊ, जिला जौनपुर (उत्तरप्रदेश) का निवासी है, पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद 16 मार्च 2026 को उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका- इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी और सीएसपी बेनार्ड कुजूर के मार्गदर्शन में थाना सूरजपुर पुलिस की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, कार्रवाई में थाना प्रभारी विमलेश दुबे,एएसआई देवनाथ चौधरी, आरक्षक जितेन्द्र पटेल और चन्द्रप्रकाश साहू सक्रिय रूप से शामिल रहे,पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है और आवश्यकता पड़ने पर आगे और कार्रवाई की जाएगी।
पहले तीन आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार– जांच के दौरान पुलिस ने 1 फरवरी 2026 को इस मामले में शामिल मनीष यादव, सूरज सोनी और मनीष सिंह परिहार को गिरफ्तार किया था, पूछताछ में सामने आया कि सरिया बेचकर मिली रकम से आरोपियों ने ट्रक खरीदे थे। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन ट्रकों को जब्त किया,जिनकी कुल कीमत लगभग 1.50 करोड़ रुपये आंकी गई है,हालांकि इस पूरे मामले में एक अन्य आरोपी सुनील विश्वकर्मा फरार चल रहा था,जिसकी लगातार तलाश की जा रही थी।


Share

Check Also

प्रतापपुर,@आवास मिला…लेकिन अधूरा सूरजपुर में गरीबों के सपनों पर ‘किस्त’ का ताला

Share प्रतापपुर ब्लॉक सबसे ज्यादा प्रभावित…मजदूरी भी अटकी-आदिवासी परिवारों पर दोहरी मारप्रतापपुर, 23 अप्रैल 2026 …

Leave a Reply