संजय पार्क के पास मयूरी ई-रिक्शा एजेंसी में दोपहर में लगी आग,दमकल की तीन गाडिय़ों ने पाया काबू
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,14 मार्च 2026 (घटती-घटना)। शहर के संजय पार्क के पास स्थित मयूरी ई-रिक्शा केन गुप्ता एजेंसी में शनिवार दोपहर अचानक भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आकर ई-रिक्शा, डीजे साउंड सिस्टम, एम्पलीफायर और बैटरियां जलकर खाक हो गईं। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की तीन टीमें मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना में लाखों रुपए के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। जानकारी के अनुसार अंबिकापुर-रामानुजगंज मार्ग पर शहर से लगे संजय पार्क के पास मयूरी ई-रिक्शा केन गुप्ता एजेंसी संचालित है। यहां ई-रिक्शा की बिक्री के साथ डीजे साउंड सिस्टम का निर्माण कार्य भी किया जाता है। शनिवार दोपहर करीब 3 बजे शो-रूम में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और वहां खड़े ई-रिक्शा,साउंड सिस्टम, एम्पलीफायर तथा बैटरियां इसकी चपेट में आ गईं। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। इलेक्ट्रॉनिक सामान में लगी आग तेजी से फैल रही थी, इसलिए दमकल की तीन गाडिय़ों को बुलाना पड़ा। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक शो-रूम और गोदाम में रखा काफी सामान जलकर नष्ट हो चुका था।
प्राथमिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट या चार्जिंग के दौरान बैटरी फटने से आग लगी होगी। हालांकि आग लगने के सही कारणों की जांच की जा रही है। घटना स्थल अंबिकापुर-रामानुजगंज राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 343 पर स्थित है। आग लगने के दौरान वहां लोगों की भीड़ लग गई और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना पर एएसपी सहित पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मार्ग डायवर्ट कर यातायात को सुचारू कराया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur