व्यावसायिक सिलेंडर पर अस्थायी रोक से होटल-ढाबा संचालक परेशान,उदयपुर क्षेत्र में 9 अवैध घरेलू सिलेंडर जब्त
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,12 मार्च 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा जिले में रसोई गैस को लेकर पिछले कुछ दिनों से उपभोक्ताओं की चिंता बढ़ती दिख रही है। ऑनलाइन बुकिंग के लिए बड़ी संख्या में लोग एक साथ प्रयास कर रहे हैं, जिससे गैस कंपनियों का सर्वर बार-बार डाउन हो रहा है। इसके चलते कई एजेंसियों में गैस की बुकिंग पर्ची नहीं कट पा रही है और उपभोक्ताओं को गैस मिलने में देरी हो रही है। हालांकि प्रशासन और गैस एजेंसियों का कहना है कि जिले में गैस सिलेंडरों की कोई कमी नहीं है और पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। गैस एजेंसी संचालकों के अनुसार सामान्य दिनों में प्रतिदिन 300 से 400 तक बुकिंग दर्ज होती थी, लेकिन सर्वर समस्या के कारण पिछले तीन-चार दिनों से केवल 10 से 12 बुकिंग ही हो पा रही हैं। इसके कारण कई उपभोक्ता सीधे एजेंसियों का रुख कर रहे हैं,जिससे वहां भीड़ बढऩे लगी है। इधर प्रशासन द्वारा व्यावसायिक गैस सिलेंडरों के वितरण पर फिलहाल अस्थायी रोक लगा दी गई है। केवल अस्पतालों को ही रसोई गैस की आपूर्ति की अनुमति दी गई है। इसके चलते शहर के होटल,रेस्टोरेंट और ढाबा संचालकों के सामने परेशानी खड़ी हो गई है। व्यावसायिक सिलेंडर की आपूर्ति प्रभावित होने से कई संचालकों को वैकल्पिक व्यवस्था करने में दिक्कत हो रही है। इसी बीच रसोई गैस की कालाबाजारी की शिकायतें भी सामने आने लगी हैं। जानकारी के अनुसार कुछ बिचौलिए घरेलू गैस सिलेंडर को 1800 से 2000 रुपए तक में बेचने की कोशिश कर रहे हैं। प्रशासन ने ऐसे मामलों पर सख्ती बरतने के निर्देश दिए हैं।
अब 15 की जगह 25 दिन में मिलेगा सिलेंडर : गैस एजेंसियों के अनुसार फिलहाल घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति जारी है, लेकिन वितरण अवधि 15 दिन से बढ़ाकर 25 दिन कर दी गई है। इससे उपभोक्ताओं को पहले की तुलना में अधिक इंतजार करना पड़ सकता है। एजेंसियों का कहना है कि यह व्यवस्था अस्थायी है और स्थिति सामान्य होने पर आपूर्ति पूर्ववत कर दी जाएगी।
जिले में 1.58 लाख से अधिक उपभोक्ता : सरगुजा जिले में तीन प्रमुख गैस कंपनियों के माध्यम से रसोई गैस की आपूर्ति की जाती है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार जिले में 1 लाख 58 हजार 585 से अधिक घरेलू गैस उपभोक्ता पंजीकृत हैं, जिनमें प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (पीएमयूवाई) के लाभार्थी और सामान्य उपभोक्ता दोनों शामिल हैं। एचपी गैस एजेंसियों से करीब 1 लाख 377 उपभोक्ता जुड़े हैं, जिनमें 48 हजार 525 पीएमयूवाई तथा 51 हजार 852 सामान्य उपभोक्ता हैं। वहीं इंडेन गैस एजेंसियों के पास लगभग 73 हजार 106 उपभोक्ता पंजीकृत हैं, जिनमें 54 हजार 421 पीएमयूवाई और 18 हजार 685 सामान्य उपभोक्ता शामिल हैं। भारत गैस एजेंसियों के साथ भी जिले में 39 हजार से अधिक उपभोक्ता जुड़े हुए हैं।
उदयपुर क्षेत्र में 9 सिलेंडर जब्त : इस बीच खाद्य विभाग ने अवैध रूप से घरेलू गैस सिलेंडरों के भंडारण के खिलाफ कार्रवाई भी की है। गुरुवार को उदयपुर क्षेत्र में जांच के दौरान नमनाकला स्थित गोरख गैस चूल्हा रिपेयरिंग से 3 तथा दर्रीपारा स्थित प्रदीप गैस चूल्हा रिपेयरिंग शॉप से 6 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए। कुल 9 सिलेंडरों की जब्ती कर द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस (प्रदाय एवं वितरण विनियमन) आदेश 2000 के तहत कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर अजीत वसंत ने जिले के उपभोक्ताओं से अपील की है कि गैस आपूर्ति को लेकर किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने कहा कि जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता है और सभी एजेंसियों में पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। साथ ही गैस की आपूर्ति और वितरण पर प्रशासन लगातार निगरानी रख रहा है तथा अवैध भंडारण और कालाबाजारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur