कोतवाली पुलिस की कार्रवाई,कूटरचना कर जमीन विक्रय का आरोप,अन्य आरोपियों की तलाश जारी
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,11 मार्च 2026 (घटती-घटना)।फर्जी ऋण पुस्तिका तैयार कर जमीन की रजिस्ट्री कराने के मामले में कोतवाली पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामला मायापुर क्षेत्र की जमीन से जुड़ा है, जिसमें कूटरचना कर धोखाधड़ी किए जाने की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार मायापुर निवासी फैजान आलम अंसारी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी दादी स्वर्गीय जमीला खातून के नाम पर मायापुर में खसरा नंबर 1688/14 रकबा 10 डिसमिल जमीन थी। वर्ष 2019 में उनकी दादी ने अपने जीवनकाल में इस जमीन की वसीयत दो हिस्सों में कर दी थी। शिकायत में बताया गया कि वर्ष 2021 में उनकी बड़ी बुआ के पुत्र अहमद अली और अन्य लोगों ने परिवार के अन्य सदस्यों को बिना जानकारी दिए जमीन का विक्रय पंजीयन अपने पक्ष में करा लिया। दस्तावेजों की जांच करने पर पाया गया कि पंजीयन में दर्ज ऋण पुस्तिका क्रमांक पी-1948564 है, जबकि असली ऋण पुस्तिका क्रमांक एल-22055 है। भू-अभिलेखों की जांच में यह भी सामने आया कि पी-1948564 क्रमांक की ऋण पुस्तिका शासन द्वारा जारी ही नहीं की गई है। आरोप है कि जमीन के विक्रय के लिए फर्जी ऋण पुस्तिका तैयार कर कूटरचना की गई और बिना कलेक्टर की अनुमति के जमीन की रजिस्ट्री करा ली गई। मामले में कोतवाली थाना में धारा 420, 467, 468, 471 और 34 भादवि के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
आरोपी से पूछताछ,
दस्तावेज जब्त
विवेचना के दौरान पुलिस ने प्रार्थी और गवाहों के बयान दर्ज किए तथा मूल ऋण पुस्तिका जब्त की। पूछताछ के लिए आरोपी अहमद अली (48) निवासी मायापुर को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान उसने फर्जी ऋण पुस्तिका के संबंध में स्पष्ट जानकारी नहीं दी। पुलिस ने उसके पास से जमीन की रजिस्ट्री की मूल प्रति और संबंधित दस्तावेजों की प्रतियां भी जब्त की हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी अभी बाकी है और उनकी तलाश की जा रही है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur