प्रधानमंत्री आवास योजना में कर्ज लेकर बनाया मकान,भुगतान नहीं होने से बढ़ा आर्थिक संकट
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,10 मार्च 2026 (घटती-घटना)। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले का एक आत्मसमर्पित नक्सली कमांडर मंगलवार को मीडिया के सामने अपनी परेशानी रखते हुए कहा कि यदि उसे नक्सल पुनर्वास नीति का लाभ नहीं मिला तो परिवार के साथ आत्महत्या करने या फिर घर छोडऩे की नौबत आ सकती है। जानकारी के अनुसार ग्राम गम्हरिया, थाना चलगली निवासी सीताराम उर्फ बालकुंवर सोनवानी ने वर्ष 2021 में पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया था। वह पहले नक्सली संगठन में एरिया कमांडर के रूप में सक्रिय रहा है। सीताराम ने बताया कि मुख्यधारा में लौटने के बाद उसने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत कर्ज लेकर मकान का निर्माण कराया। लेकिन अब निर्माण सामग्री देने वाले व्यापारी लगातार पैसों के लिए दबाव बना रहे हैं। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वह भुगतान नहीं कर पा रहा है, जिससे वह काफी परेशान है। उसका कहना है कि नक्सल पुनर्वास नीति के तहत मिलने वाली सुविधाओं का लाभ अब तक नहीं मिला है। इसी वजह से वह अपनी समस्या लेकर अंबिकापुर पहुंचा और मीडिया के सामने अपनी पीड़ा जाहिर की। सीताराम ने कहा कि यदि हालात ऐसे ही बने रहे तो उसे फिर से घर छोडऩे की मजबूरी हो सकती है।
2003 में नक्सल
संगठन से जुड़ा था
पुलिस अधीक्षक बलरामपुर-रामानुजगंज द्वारा जारी प्रमाण पत्र के अनुसार सीताराम उर्फ बालकुंवर सोनवानी वर्ष 2003 में नक्सली संगठन से जुड़ा था और चलगली क्षेत्र में एरिया कमांडर के रूप में सक्रिय था। शासन की नक्सल पुनर्वास नीति से प्रेरित होकर उसने 26 फरवरी 2021 को पुलिस अधीक्षक बलरामपुर के समक्ष आत्मसमर्पण किया था।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur