Breaking News

सूरजपुर@भारत की ऐतिहासिक जीत पर बसदेई में जश्न, सड़कों पर उतरे लोग,पटाखों और नारों से गूंजा गांव

Share


टी 20 विश्व कप जीतते ही बसदेई में मना क्रिकेट का महापर्व, तिरंगा लहराकर लोगों ने जताई खुशी…
टीम इंडिया की जीत पर बसदेई में उत्सव का माहौल,प्रोजेक्टर पर देखा फाइनल और सड़कों पर मनाया जश्न


-संवाददाता-
सूरजपुर,09 मार्च 2026 (घटती-घटना)। टी20 विश्व कप फाइनल में भारतीय क्रिकेट टीम की शानदार जीत के बाद पूरे देश में जश्न का माहौल देखने को मिला,इसी कड़ी में सूरजपुर जिले के आदर्श ग्राम पंचायत बसदेई में भी क्रिकेट प्रेमियों ने उत्साह और उल्लास के साथ भारत की जीत का जश्न मनाया।
टी20 विश्व कप के फाइनल मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर लगातार दूसरी बार खिताब अपने नाम किया, अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया,जो टी20 विश्व कप फाइनल का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर माना जा रहा है,जवाब में न्यूजीलैंड की टीम इस लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी और भारत ने शानदार जीत दर्ज की। इस ऐतिहासिक जीत के साथ भारत टी20 विश्व कप तीन बार जीतने वाला पहला देश बन गया।
बसदेई में प्रोजेक्टर पर दिखाया गया लाइव मैच
भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए इस रोमांचक मुकाबले को देखने के लिए बसदेई में विशेष व्यवस्था की गई थी,मां शीतला मेडिकल के संचालक द्वारा अपने दुकान के सामने एक भव्य प्रोजेक्टर लगाकर मैच का लाइव प्रसारण किया गया,जिससे गांव के क्रिकेट प्रेमी एक साथ बैठकर फाइनल मुकाबले का आनंद ले सकें, जैसे-जैसे मैच रोमांचक मोड़ लेता गया,वैसे-वैसे वहां मौजूद लोगों का उत्साह भी बढ़ता गया, बड़ी संख्या में ग्रामीण,युवा और बच्चे वहां इकट्ठा होकर टीम इंडिया का उत्साहवर्धन करते रहे।
जीत के बाद सड़कों पर उतरे लोग
जैसे ही भारतीय टीम की जीत सुनिश्चित हुई, बसदेई में खुशी की लहर दौड़ गई, लोग खुशी से झूम उठे और सड़कों पर निकलकर जश्न मनाने लगे, ग्रामीणों ने तिरंगा लहराते हुए भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारे लगाए, कई जगहों पर पटाखे फोड़े गए और ढोल-नगाड़ों की धुन पर लोग देर रात तक जश्न मनाते रहे, पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
गांव में बना उत्सव जैसा माहौल
भारत की इस ऐतिहासिक जीत ने बसदेई के लोगों में देशभक्ति और गर्व की भावना को और मजबूत कर दिया। युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक हर कोई इस जीत का जश्न मनाते नजर आया, कई लोग हाथों में तिरंगा लेकर गांव की सड़कों पर घूमते रहे, वहीं बच्चों और युवाओं ने नाच-गाकर खुशी का इजहार किया, देर रात तक गांव में पटाखों की आवाज और लोगों की खुशियां गूंजती रहीं।
ये रहे प्रमुख रूप से उपस्थित
इस अवसर पर बसदेई चौकी प्रभारी योगेंद्र जायसवाल,वरिष्ठ नेता विजेंद्र गोयल, बसदेई सरपंच मनोज सिंह, पूर्व सरपंच हीरेंद्र सिंह, साथ ही यशवंत थवाईत, साकेत थवाईत, स्वयं थवाईत,गंगाराम साहू, मनीष केसरवानी, मारुति नंदन चक्रधारी,मुनेश्वर राजवाड़े सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे और सभी ने मिलकर टीम इंडिया की जीत का जश्न मनाया।
देशभर में जश्न का माहौल
भारत की इस ऐतिहासिक जीत के बाद केवल बसदेई ही नहीं,बल्कि देश के कई शहरों और गांवों में भी लोग सड़कों पर उतरकर जश्न मनाते नजर आए, तिरंगे झंडे लहराए गए,पटाखे फोड़े गए और देर रात तक जीत का उत्सव चलता रहा,टीम इंडिया की इस शानदार जीत ने पूरे देश को गर्व का अवसर दिया है और क्रिकेट प्रेमियों के लिए यह पल लंबे समय तक यादगार बना रहेगा।


Share

Check Also

रायपुर/बिलासपुर@हाईकोर्ट ने 2015 और 2016 भर्ती को एक साथ जोड़ने पर उठाए सवाल, वरिष्ठता सूची निरस्त

Share सर्वेश यादव, सिद्धार्थ पांडे सहित निजी प्रतिवादियों से जुड़ा मामला, नियंत्रक खाद्य एवं औषधि …

Leave a Reply