छापे में 19.5 लीटर महुआ शराब जब्त
दो महिलाओं पर केस,एक आरोपी फरार
-संवाददाता-
अम्बिकापुर, 08 मार्च 2026 (घटती-घटना)। शहर के नमनाकला स्थित शनि मंदिर के पास अवैध महुआ शराब बिक्री की शिकायत पर आबकारी विभाग की उडऩदस्ता टीम ने रविवार सुबह छापामार कार्रवाई की। इस दौरान अलग-अलग स्थानों से कुल 19.5 लीटर महुआ शराब जब्त कर आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। आबकारी विभाग के अनुसार लंबे समय से शनि मंदिर नमनाकला क्षेत्र में अवैध महुआ शराब की बिक्री की शिकायत मिल रही थी। शिकायत के आधार पर सहायक जिला आबकारी अधिकारी के मार्गदर्शन में टीम ने कार्रवाई की। छापे के दौरान मोहरमनीया के पास से 7 लीटर महुआ शराब बरामद की गई। इस मामले में आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) व 59 (क) के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। इसके अलावा मोहरमनीया के घर के पास एक खुले मकान से 10.5 लीटर महुआ शराब जब्त की गई। पड़ोसियों के अनुसार यह घर उत्तम चेरवा का है,जो कार्रवाई के दौरान मौके से फरार हो गया। वहीं पास में रहने वाली सीता चेरवा के घर से भी 2 लीटर महुआ शराब बरामद कर नियमानुसार कार्रवाई की गई। सहायक जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि नमनाकला का यह क्षेत्र महुआ शराब की अवैध बिक्री के लिए काफी समय से कुख्यात है। पहले भी यहां छापेमारी की गई थी,लेकिन आरोपी मौके से भाग जाते थे। इस बार दो महिलाओं को पकड़ा गया है,जबकि फरार आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
इनकी रही अहम भूमिका : कार्रवाई आबकारी उपनिरीक्षक टी.आर. केहरी के नेतृत्व में की गई। टीम में मुख्य आरक्षक रमेश दुबे,कुमारू राम तथा महिला आरक्षक राजकुमारी सिंह और चंद्रावती की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur