घरेलू गैस में 60 और कमर्शियल सिलेंडर में 115 रुपए बढ़ोत्तरी का विरोध,सरकार पर महंगाई बढ़ाने का आरोप
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,08 मार्च 2026 (घटती-घटना)। घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोत्तरी के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा ने शनिवार को प्रधानमंत्री का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया। यह कार्यक्रम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आवाहन पर जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक के नेतृत्व में आयोजित किया गया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मध्यपूर्व में युद्ध की स्थिति बनने के बाद केंद्र सरकार ने दावा किया था कि देश में पेट्रोलियम पदार्थों का पर्याप्त भंडारण है और कीमतों में वृद्धि नहीं होगी। इसके बावजूद 7 मार्च से घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में 60 रुपए और कमर्शियल सिलेंडर में 115 रुपए की बढ़ोतरी कर दी गई है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह बढ़ोत्तरी उज्ज्वला योजना के उपभोक्ताओं पर भी लागू की गई है। इसके अलावा गैस सिलेंडर की दूसरी रिफिलिंग का समय,जो पहले 16 दिन था,उसे बढ़ाकर 21 दिन कर दिया गया है। कांग्रेस का आरोप है कि सरकार चाहती तो करों में कटौती कर आम जनता को राहत दे सकती थी,लेकिन ऐसा नहीं किया गया।
पुलिस से हुई छीनाझपटी : प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच कुछ देर के लिए छीनाझपटी की स्थिति भी बनी। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री का पुतला दहन किया। मीडिया से बातचीत में जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कहा कि सरकार की नीतियों के कारण देश में महंगाई बढ़ रही है और आम जनता पर इसका सीधा असर पड़ रहा है। प्रदर्शन के दौरान दुर्गेश गुप्ता, संजय सिंह, अनूप मेहता,लोकेश कुमार,गुरुप्रीत सिद्धू,चंद्रप्रकाश सिंह, रजनीश सिंह, नीतीश चौरसिया, विकल झा, आलोक सिंह, अमित सिन्हा, हिमांशु जायसवाल, आशीष जायसवाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur