- ढोलक,फाग और गुलाल की बौछार के साथ कोरिया,एमसीबी में धूमधाम से मनी होली
- फागुन की मस्ती में रंगा जिला मंत्री जायसवाल ने बजाई ढोलक,देवेंद्र तिवारी ने गाए फाग
- प्रेमाबाग से सोनहत तक रंगों की बरसात,भाईचारे के संदेश के साथ मना होली का पर्व
- राजनीति से ऊपर रंगों का संगम,भाजपा-कांग्रेस,कर्मचारी और पत्रकारों ने साथ खेली होली
- मंदिरों में अबीर अर्पण से शुरू हुआ फाग महोत्सव,सोनहत में दिखा भक्तिमय रंगोत्सव


-संवाददाता-
कोरिया/एमसीबी,06 मार्च 2026 (घटती-घटना)। रंगों का महापर्व होली इस वर्ष कोरिया और नवगठित मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर(एमसीबी) जिले में पूरे उत्साह,पारंपरिक उल्लास और सामाजिक सद्भाव के साथ मनाया गया,फागुन की मस्ती,ढोलक-मंजीरों की थाप और फाग गीतों की मधुर धुनों के बीच दोनों जिलों के शहरों से लेकर ग्रामीण अंचलों तक हर तरफ रंगों की बौछार और खुशियों की फुहार देखने को मिली,बच्चों,युवाओं, बुजुर्गों और महिलाओं के साथ- साथ जनप्रतिनिधियों,सामाजिक कार्यकर्ताओं,कर्मचारियों और पत्रकारों ने भी इस रंगोत्सव में बढ़-चढ़कर भाग लिया, लोगों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर गले लगाया और आपसी भाईचारे तथा सौहार्द का संदेश दिया। पूरे जिले में होली है की गूंज और रंगों से सराबोर चेहरों ने वातावरण को पूरी तरह फागुनी रंग में रंग दिया।
महिलाओं और बच्चों में दिखा विशेष उत्साह
कोरिया और एमसीबी जिले में महिलाओं और बच्चों में भी होली को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिला, महिलाओं की टोलियों ने फाग गीतों पर नृत्य किया और एक-दूसरे को गुलाल लगाकर पर्व की खुशियां मनाईं,पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं ने फूलों और प्राकृतिक रंगों से सुरक्षित होली खेली। बच्चों ने रंग-पिचकारी के साथ जमकर मस्ती की और घर-घर जाकर बड़ों का आशीर्वाद लिया।
प्रशासनिक सतर्कता से शांतिपूर्ण रहा त्योहार
दोनों जिलों में पुलिस और प्रशासन की सतर्क व्यवस्था के बीच होली का पर्व पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ, संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया था ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो,शांति समिति की बैठकों और प्रशासनिक तैयारियों का सकारात्मक प्रभाव देखने को मिला। लोगों ने भी जिम्मेदारी के साथ त्योहार मनाते हुए पर्यावरण के अनुकूल रंगों का उपयोग किया।
बैकुण्ठपुर के प्रेमाबाग में सजी फाग की महफिल
जिला मुख्यालय बैकुण्ठपुर के प्रेमाबाग क्षेत्र में होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया,यहां स्थानीय नागरिकों और कलाकारों ने ढोलक,मंजीरा और झांझ की थाप पर पारंपरिक फाग गीतों की शानदार प्रस्तुति दी, शैलेश शिवहरे और अनुराग दुबे की मौजूदगी में शुरू हुई फाग महफिल ने लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया,होली खेलें रघुवीरा अवध में जैसे पारंपरिक फाग गीतों की धुन पर लोग रंगों में सराबोर होकर थिरकते नजर आए, गुलाल की उड़ती बौछार और फाग गीतों की गूंज ने पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया।

कुमार चौक पर प्रबुद्ध वर्ग की गरिमामयी होली
बैकुण्ठपुर के कुमार चौक में भी होली का विशेष आयोजन किया गया,जहां शहर के प्रबुद्ध वर्ग और गणमान्य नागरिकों ने सामूहिक रूप से होली खेली,यहां शैलेश शिवहरे,अनुराग दुबे और रुद्र मिश्रा सहित कई सामाजिक और बौद्धिक वर्ग के लोगों ने गुलाल लगाकर एकता और भाईचारे का संदेश दिया,युवाओं ने बुजुर्गों का आशीर्वाद लेकर पारंपरिक अंदाज में होली मनाई और समाज में सद्भाव बनाए रखने का संकल्प लिया।

नगर पंचायत पटना में भी धूमधाम से मनाई गई होली
रंगों का पावन पर्व होली नगर पंचायत पटना में भी पूरे उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया,नगर पंचायत कार्यालय परिसर में होली मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया,जिसमें जनप्रतिनिधियों,पार्षदों और स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया,कार्यक्रम के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष गायत्री सिंह,उपाध्यक्ष गौरव अग्रवाल,पार्षद सौरभ सिंह, पार्षद पति सुजीत सोनी,रूपेश सिंह,टिंकू सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे,सभी ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और आपसी भाईचारे का संदेश दिया,कार्यक्रम में रंगों के साथ-साथ पकवानों की भी विशेष व्यवस्था की गई थी,विभिन्न प्रकार के रंगों के साथ पारंपरिक व्यंजन और मिठाइयों का भी आनंद लिया गया, उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर और रंग लगाकर पर्व की खुशियां साझा कीं,होली मिलन कार्यक्रम के दौरान हंसी-ठिठोली और गीत-संगीत के बीच पूरे परिसर में उत्सव का माहौल बना रहा, जनप्रतिनिधियों ने नगरवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व प्रेम,सौहार्द और भाईचारे का प्रतीक है,जो समाज को एकता के सूत्र में बांधता है,कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ और लोगों ने रंगों के इस महापर्व को पूरे उल्लास के साथ मनाया।


जिलाध्यक्ष देवेंद्र तिवारी का सुरीला अंदाज
होली मिलन समारोहों के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष देवेंद्र तिवारी का एक अलग और आत्मीय रूप देखने को मिला,उन्होंने लोगों को गुलाल लगाकर बधाई दी और स्वयं फाग गीत गाकर कार्यक्रम की रौनक बढ़ा दी,उनकी सुरीली आवाज और उत्साहपूर्ण प्रस्तुति ने मौजूद लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि यह दिलों को जोड़ने और समाज में प्रेम व भाईचारे को मजबूत करने का अवसर भी है।

मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बजाई ढोलक
प्रदेश के कैबिनेट मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल भी अपने क्षेत्रवासियों के साथ होली के रंग में सराबोर नजर आए। उन्होंने लोगों के बीच पहुंचकर ढोलक की थाप पर फाग गीतों का आनंद लिया और खुद भी ढोलक बजाकर माहौल को और भी उल्लासपूर्ण बना दिया,मंत्री जायसवाल ने लोगों को गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दीं और कहा कि हमारी संस्कृति और परंपराएं ही हमारी पहचान हैं, जिन्हें हमें सहेजकर रखना चाहिए, उन्होंने सभी जिलेवासियों के सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

सोनहत में मंदिरों से शुरू हुआ फाग महोत्सव
सोनहत क्षेत्र में होली का पर्व धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक उल्लास के साथ मनाया गया, यहां के प्रसिद्ध झरिया शिव मंदिर और महामाया मंदिर के प्रांगण में भव्य फाग महोत्सव का आयोजन किया गया, देवी-देवताओं को अबीर-गुलाल अर्पित करने के बाद फाग मंडलियों ने पारंपरिक गीतों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया,इस आयोजन में राजन पाण्डेय, वीरेंद्र साहू, मिथलेश राजवाड़े, प्रदीप साहू, विकास पाल, रामदास और प्रकाश चन्द्र साहू सहित कई स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया, सभी ने एक-दूसरे को रंग लगाकर और मिठाई खिलाकर पर्व की खुशियां साझा कीं।

भाजपा,कांग्रेस,कर्मचारी और पत्रकारों ने भी खेली होली
सोनहत और मनेन्द्रगढ़ क्षेत्र में होली का उत्सव राजनीतिक सीमाओं से ऊपर उठकर मनाया गया,भाजपा और कांग्रेस के नेताओं,कर्मचारी संगठनों और पत्रकारों ने भी आपसी भाईचारे के साथ होली खेली, इस दौरान सभी ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर बधाई दी और सामाजिक समरसता का संदेश दिया, रंगों की इस एकता ने यह संदेश दिया कि त्योहार लोगों को जोड़ने का काम करते हैं।
मनेंद्रगढ़ में कांग्रेस का होली मिलन समारोह
मनेंद्रगढ़ में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर पर्व की शुभकामनाएं दीं,कार्यक्रम में पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष राजकुमार केशरवानी, ब्लॉक अध्यक्ष सौरभ मिश्रा, महामंत्री पूनम सिंह और कांग्रेस प्रत्याशी रमेश सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे, सभी ने नगरवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की और होली को भाईचारे का प्रतीक बताया।

पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने सादगी से दी शुभकामनाएं…
भरतपुर-सोनहत के पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने इस वर्ष होली का उत्सव नहीं मनाया,पसौरी में हुई एक दुःखद घटना के कारण उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए रंगों से दूरी बनाए रखी,हालांकि उनके निवास पर सुबह से ही शुभचिंतकों का तांता लगा रहा। उन्होंने सभी का स्वागत करते हुए केवल चंदन का तिलक लगवाकर होली की शुभकामनाएं दीं। उनकी इस संवेदनशीलता की क्षेत्र में काफी सराहना की गई।

घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur