एक विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल,डंडा व कपड़े जब्त
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,06 मार्च 2026 (घटती-घटना)। कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम भकुरा में पैसे के लेन-देन के विवाद में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल है। पुलिस के अनुसार मर्ग क्रमांक 25/26 के तहत मृतक सुटुल (25) निवासी ग्राम भकुरा की मौत की जांच की जा रही थी। जांच के दौरान मर्ग पंचनामा, गवाहों के बयान और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर हत्या का मामला सामने आया। जांच में पता चला कि 3 मार्च की रात से 4 मार्च की सुबह के बीच मृतक का अजय पैकरा,छत्रपाल और एक विधि से संघर्षरत बालक के साथ पैसे के लेन-देन को लेकर विवाद हो गया था। विवाद बढऩे पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए बांस के डंडे, हाथ-मुक्कों और लात से मारपीट कर गंभीर चोट पहुंचाई,जिससे युवक की मौत हो गई। मामले में थाना कोतवाली में धारा 103 व 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर गवाहों के बयान दर्ज किए और आरोपियों की तलाश शुरू की। इसी दौरान पुलिस ने अजय पैकरा उर्फ जर्रा (19) और छत्रपाल (20) निवासी भकुरा चट्टीपारा को गिरफ्तार कर लिया। वहीं एक विधि से संघर्षरत बालक को भी पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पहले मृतक के साथ काम करते थे और मजदूरी के पैसे को लेकर विवाद हुआ था। इसी विवाद में उन्होंने मिलकर मारपीट की थी।
डंडा और कपड़े जब्त : पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा और आरोपी अजय पैकरा द्वारा घटना के समय पहना गया कपड़ा भी जब्त किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया है,जबकि विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया। पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक शशिकांत सिन्हा,एएसआई उमाशंकर पांडेय,प्रधान आरक्षक सोमार साय तथा आरक्षक मंटू गुप्ता,शिव राजवाड़े,प्रमोद टेटे और अमर सिंह की अहम भूमिका रही।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur