सूरजपुर में धूमधाम से मनाई जाएगी प्रदेश स्तरीय माता कर्मा जयंती
सूरजपुर,02 मार्च 2026 (घटती-घटना)। जिला सूरजपुर के मंगल भवन में प्रदेश साहू संघ द्वारा सरगुजा संभाग की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी माता कर्मा जयंती के भव्य आयोजन की रूपरेखा तय करना था। सरगुजा संभाग के छह जिलों से आए सामाजिक बंधुओं की उपस्थिति में यह बैठक उत्साह और एकजुटता के वातावरण में संपन्न हुई।
माता कर्मा जयंती संभाग में धूमधाम से मनाने का निर्णय-कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश साहू संघ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. निरेंद्र साहू ने कहा कि साहू समाज की आराध्य देवी माता कर्मा की प्रदेश स्तरीय जयंती इस वर्ष सरगुजा संभाग में भव्य रूप से मनाई जाएगी, उन्होंने बताया कि प्रदेश स्तर पर निर्णय लिया गया है कि समाज के संत-महात्माओं की जयंतियां अलग-अलग संभागों में प्रदेश स्तरीय रूप से आयोजित की जाएंगी, ताकि दूरस्थ क्षेत्रों तक सामाजिक जागरूकता का संदेश पहुंचे, डॉ. साहू ने कहा कि छत्तीसगढ़ में आदिवासी समाज के बाद साहू समाज सबसे बड़ा समाज है, जो पूरे प्रदेश में फैला हुआ है,उन्होंने समाज में समरसता, भाईचारा और जागरूकता का संदेश गांव-गांव तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।
कुरीतियों और नशामुक्ति पर जोर-प्रदेश अध्यक्ष ने समाज में व्याप्त कुरीतियों और नशापान जैसी बुराइयों को जड़ से समाप्त करने का आह्वान किया, उन्होंने कहा कि जो सामाजिक बंधु इस अभियान में साथ देना चाहते हैं, वे समाज सुधार के इस मिशन से जुड़ सकते हैं, उन्होंने जिलाध्यक्षों से अपील की कि‘कर्मा रथ’ के माध्यम से गांव-गांव जाकर समाज में जागृति फैलाएं।
राजनीतिक भागीदारी पर भी चर्चा
बैठक में समाज की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। डॉ. साहू ने कहा कि जो राजनीतिक दल समाज को आगे बढ़ाएंगे,समाज उनका सहयोग करेगा,उन्होंने स्पष्ट किया कि समाज की एकजुटता और संख्या के आधार पर उचित प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे।
स्वागत भाषण और समर्थन
जिले के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं वर्तमान संरक्षक रामकृपाल साहू ने स्वागत भाषण देते हुए कहा कि प्रदेश नेतृत्व द्वारा लिए गए निर्णय समाज में नई ऊर्जा का संचार कर रहे हैं, उन्होंने बताया कि शादियों में प्री-वेडिंग शूट पर प्रतिबंध और महापुरुषों की जयंतियों को प्रदेश स्तर पर मनाने का निर्णय सराहनीय है। इससे सुदूर क्षेत्रों में भी समाज के इतिहास और परंपराओं के प्रति जागरूकता बढ़ेगी।
एकजुटता का संदेश
प्रदेश साहू संघ के डॉ. सुनील साहू ने कहा कि सरगुजा संभाग में आयोजित होने वाली कर्मा जयंती को सफल बनाने में समाज की बड़ी भूमिका रहेगी,उन्होंने विश्वास जताया कि समाज की यह एकजुटता आने वाले समय में सामाजिक और राजनीतिक दोनों क्षेत्रों में सकारात्मक परिणाम देगी।
संचालन और आभार
कार्यक्रम का संचालन राजेश साहू ने किया। सूरजपुर जिला अध्यक्ष राम लल्लू साहू ने उपस्थित सभी सामाजिक बंधुओं का आभार व्यक्त किया, बैठक में सरगुजा, जशपुर, बलरामपुर, कोरिया, एमसीबी सहित विभिन्न जिलों के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ सामाजिक जन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
भव्य आयोजन की तैयारी– बैठक में यह तय किया गया कि आगामी प्रदेश स्तरीय माता कर्मा जयंती कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाया जाएगा, जिसमें संभाग के सभी जिलों से बड़ी संख्या में समाजजन भाग लेंगे, सूरजपुर में होने वाला यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक होगा, बल्कि सामाजिक एकता, जागरूकता और संगठनात्मक शक्ति का भी प्रदर्शन करेगा।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur