Breaking News

अम्बिकापुर@मानदेय बढ़ाने की मांग पर उबाल…अंबिकापुर में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाओं का कलेक्टोरेट घेराव

Share


-संवाददाता-
अम्बिकापुर,27 फरवरी 2026 (घटती-घटना)। दो दिवसीय हड़ताल के अंतिम दिन शुक्रवार को आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका संयुक्त मंच ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए कलेक्टोरेट का घेराव किया। धरनास्थल से रैली निकालकर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और सहायिकाएं कलेक्टोरेट पहुंचीं और प्रधानमंत्री के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। संयुक्त मंच के आह्वान पर 26 और 27 फरवरी को सरगुजा जिले की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिकाएं हड़ताल पर रहीं। इस दौरान अंबिकापुर स्थित एसबीआई शाखा के सामने धरना दिया गया।शुक्रवार को प्रदर्शनकारियों ने रैली निकालकर अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि उनकी जिम्मेदारी कुपोषण दूर करने की है, लेकिन कम मानदेय के कारण वे स्वयं आर्थिक संकट से जूझ रही हैं। उनका कहना है कि वर्तमान मानदेय से परिवार का भरण-पोषण भी संभव नहीं है। ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि देश में आईसीडीएस योजना के 50 वर्ष पूरे हो चुके हैं। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं घर-घर जाकर महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं का क्रियान्वयन कर रही हैं। कोविड-19 महामारी, चुनाव ड्यूटी और विभिन्न सर्वेक्षण जैसे अतिरिक्त दायित्व भी उन्होंने निभाए हैं।
मानदेय वृद्धि और शासकीयकरण की मांग…
संयुक्त मंच ने बताया कि वर्तमान में कार्यकर्ताओं को 4500 रुपए और सहायिकाओं को 2250 रुपए प्रतिमाह मानदेय दिया जा रहा है,जो जीवनयापन के लिए अपर्याप्त है। वर्ष 2018 के बाद से मानदेय में वृद्धि नहीं होने पर भी नाराजगी जताई गई। मंच की प्रमुख मांगों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिकाओं को शासकीय कर्मचारी घोषित करना शामिल है। शासकीयकरण तक कार्यकर्ता को 26 हजार रुपए और सहायिका को 22,100 रुपए मासिक वेतन देने, प्रतिवर्ष वेतन वृद्धि की व्यवस्था तथा सेवानिवृत्ति पर पेंशन, ग्रेच्युटी, समूह बीमा और कैशलेस चिकित्सा सुविधा देने की मांग की गई है।
9 मार्च को विधानसभा घेराव की चेतावनी…
संयुक्त मंच ने चेतावनी दी है कि यदि 8 मार्च तक मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो 9 मार्च को प्रदेशभर की लगभग एक लाख आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिकाएं रायपुर पहुंचकर विधानसभा का घेराव करेंगी। जिला अध्यक्ष अनूप कुशवाहा, भुनेश्वरी और शैल बानो ने बताया कि मांगों के समर्थन में जिले के विभिन्न स्थानों पर रैली और प्रदर्शन जारी रहेंगे।


Share

Check Also

बलरामपुर @एनएच-343 पर परिवहन व यातायात विभाग की संयुक्त कार्रवाई

Share बिना परमिट चल रही स्कूल बस जब्त,10 हजार रुपये का चालानबलरामपुर ,22 अप्रैल 2026 …

Leave a Reply