मेडिकल कॉलेज व एनएबीएल लैब की जांच रिपोर्ट का हवाला
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,26 फरवरी 2026 (घटती-घटना)। शहर के मोमिनपुरा और नवागढ़ क्षेत्र में दूषित पानी सप्लाई के आरोपों को नगर निगम ने सिरे से खारिज किया है। नगर निगम एमआईसी जल प्रदाय प्रभारी जितेंद्र सोनी ने प्रेस बयान जारी कर कहा कि पानी की जांच रिपोर्ट में सभी सैंपल मानक के अनुरूप पाए गए हैं और बीमारी फैलने की आशंका निराधार है। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद पर बिना आधार के अफवाह फैलाकर भय का वातावरण बनाने का आरोप लगाया। सोनी ने कहा कि 22 फरवरी को समाचार प्रकाशित होने के बाद निगम अमले ने तत्काल प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर विभिन्न घरों से नल का पानी एकत्र किया और जांच के लिए मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर तथा सूरजपुर स्थित एनएबीएल लैब भेजा। 23, 24 और 25 फरवरी को नवागढ़, मोमिनपुरा, पर्राडाड, अयान मार्ग, रसूलपुर, बरेज पारा सहित विभिन्न मोहल्लों से 100 एमएल के पानी के सैंपल लिए गए। मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर की रिपोर्ट में सभी सैंपल गुणवत्तायुक्त पाए गए। सूरजपुर एनएबीएल लैब से जांचे गए नौ सैंपल भी मानक स्तर पर सही पाए गए।
‘पीलिया से दो मौत’ का दावा गलत : जितेंद्र सोनी ने पीलिया से दो मौतों के दावे को भी असत्य बताया। उन्होंने सीएमएचओ की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि संबंधित व्यक्तियों की मृत्यु अन्य बीमारियों से हुई है,न कि पीलिया से। उन्होंने 42 लोगों के पीलिया पीडि़त होने के बयान का भी खंडन किया। स्वास्थ्य विभाग की जांच के अनुसार अधिकांश मरीज पूर्व में स्वस्थ हो चुके हैं और वर्तमान में केवल पांच लोगों का इलाज चल रहा है। अब तक 100 ब्लड सैंपल की जांच में एक व्यक्ति में पीलिया के लक्षण पाए गए हैं।
‘गंदी राजनीति’ का आरोप : सोनी ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह शहर में पीलिया महामारी और दूषित जल सप्लाई की अफवाह फैलाकर राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि वर्तमान निगम प्रशासन विकास कार्यों के साथ जनता की चिंता कर रहा है, जिसे विपक्ष पचा नहीं पा रहा है। साथ ही उन्होंने अमृत जल मिशन के तहत पूर्व कार्यकाल में पाइपलाइन कार्य में अनियमितता और भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि नेता प्रतिपक्ष को नगरवासियों से माफी मांगनी चाहिए। फिलहाल जांच रिपोर्ट के बाद निगम प्रशासन ने स्थिति को सामान्य बताया है, जबकि राजनीतिक बयानबाजी जारी है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur