Breaking News

अम्बिकापुर@ट्रांसफार्मर विवाद पर गुदरी चौक में बवाल…अस्पताल के बाहर हंगामा,डॉक्टर की कार में तोडफ़ोड़,पत्रकार से मारपीट

Share

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,26 फरवरी 2026 (घटती-घटना)। शहर के गुदरी चौक स्थित लक्ष्मी नारायण हॉस्पिटल के बाहर बुधवार को ट्रांसफार्मर हटाने को लेकर बड़ा हंगामा हो गया, प्रशासनिक आदेश के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से स्थानीय लोग भडक उठे, सुबह शुरू हुआ विरोध प्रदर्शन शाम तक गहमागहमी और मारपीट में बदल गया, आक्रोशित लोगों के दबाव के बाद विद्युत विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और एहतियातन ट्रांसफार्मर की बिजली लाइन काट दी, हालांकि तब तक स्थिति काफी तनावपूर्ण हो चुकी थी।
डॉक्टर की कार में तोडफ़ोड़, चिकित्सक से भी मारपीट : प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार,विवाद के दौरान अस्पताल के एक डॉक्टर की कार में तोडफ़ोड़ की गई। इतना ही नहीं,अस्पताल के एक चिकित्सक के साथ भी मारपीट की गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है,जिसमें कुछ लोग कार में तोडफ़ोड़ और धक्का-मुक्की करते नजर आ रहे हैं।
कवरेज कर रहे पत्रकार पर हमला : हंगामे के बीच कवरेज कर रहे एक स्थानीय पत्रकार के साथ भी मारपीट की गई, वीडियो में पत्रकार के साथ धक्का-मुक्की और हाथापाई स्पष्ट दिखाई दे रही है। इस घटना से मीडिया जगत में आक्रोश फैल गया।
पुलिस पर मूकदर्शक बने रहने का आरोप : घटना के दौरान कोतवाली प्रभारी सहित भारी पुलिस बल मौके पर मौजूद था। बावजूद इसके,मारपीट और तोडफ़ोड़ की घटनाओं को रोकने में पुलिस नाकाम रही। लोगों ने पुलिस पर मूकदर्शक बने रहने का आरोप लगाया। सूचना मिलते ही नगर पुलिस अधीक्षक भी मौके पर पहुंचे। शाम करीब 5 बजे तक अस्पताल के बाहर तनाव की स्थिति बनी रही।
पत्रकारों का थाने के सामने धरना : पत्रकार से मारपीट के विरोध में जिले के मीडिया कर्मी कोतवाली थाना पहुंच गए। थाने के सामने धरने पर बैठकर नारेबाजी की गई और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की गई।
कांग्रेस नेताओं ने दिया समर्थन : घटना की जानकारी मिलते ही एआईसीसी सदस्य आदित्येश्वर शरण सिंह देव, जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक और नगर निगम नेता प्रतिपक्ष सफी अहमद सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता कोतवाली पहुंचे, नेताओं ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि शहर की कानून व्यवस्था चरमरा गई है और लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर हमला बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, उन्होंने पुलिस से तत्काल कार्रवाई कर दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है, फिलहाल मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है, पुलिस जांच में जुटी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है, शहर में स्थिति पर नजर रखी जा रही है।


Share

Check Also

बलरामपुर @एनएच-343 पर परिवहन व यातायात विभाग की संयुक्त कार्रवाई

Share बिना परमिट चल रही स्कूल बस जब्त,10 हजार रुपये का चालानबलरामपुर ,22 अप्रैल 2026 …

Leave a Reply