जेसीबी से खुदाई का आरोप, सरपंच-पंचों ने की शिकायत
-राजेन्द्र शर्मा-
खड़गवां (एमसीबी),26 फरवरी 2026(घटती-घटना)। जनपद पंचायत खड़गवां अंतर्गत ग्राम पंचायत नेवरी बैरडाड में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) के तहत स्वीकृत तालाब निर्माण कार्य में कथित अनियमितताओं को लेकर विवाद गहरा गया है,ग्राम पंचायत के सरपंच एवं पंचों ने रोजगार सहायक पर आरोप लगाया है कि तालाब की खुदाई जेसीबी मशीन से रात में कराई गई, जबकि मस्टर रोल में श्रमिकों की उपस्थिति दर्ज की गई है, इस संबंध में मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) जनपद पंचायत को लिखित शिकायत सौंपी गई है।
कार्यालय में बैठकर निरीक्षण का आरोप
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि मनरेगा में पदस्थ कार्यक्रम अधिकारी कार्यालय में बैठकर ही ग्राम पंचायतों में चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर रहे हैं,आरोप है कि रोजगार सहायक मनमाने ढंग से कार्य कराता है, सरपंच एवं पंचों से कोई सलाह नहीं ली जाती और ग्रामीणों के जॉब कार्ड भी समय पर नहीं बनाए जा रहे,बैगापारा में कुआं निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद भी कथित रूप से अपने परिवार के नाम पर डिमांड निकालकर हाजिरी लगाने का आरोप लगाया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि योजना का लाभ पात्र मजदूरों तक नहीं पहुंच रहा।
योजना की मंशा पर प्रश्नचिह्न
मनरेगा का उद्देश्य ग्रामीण मजदूरों को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराना है,लेकिन यदि तालाब निर्माण कार्य मशीनों से कराया गया है तो यह योजना की मूल भावना के विपरीत है। सरपंच व पंचों का आरोप है कि जेसीबी से खुदाई कराई गई, जबकि कागजों में मजदूरों की उपस्थिति दर्शाई गई है।
जांच का आश्वासन
मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए निष्पक्ष जांच कराने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि यदि मशीनों से कार्य कराए जाने की पुष्टि होती है तो संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी, ग्राम पंचायत नेवरी बैरडाड में इस मुद्दे को लेकर चर्चा तेज है। ग्रामीण अब जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि मनरेगा में वास्तव में श्रमिकों को रोजगार मिला या मशीनों के सहारे कागजी प्रगति दिखाई गई।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur