
सड़क पर जश्न पड़ा भारी,हाईवे जाम कर आतिशबाजी करने वाले 9 युवक गिरफ्तार
राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुड़दंग : पुलिस की सख्ती,फरार दो आरोपी भी दबोचे गए…
हाईवे पर केक और पटाखे,अब हवालात की हवा : लटोरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई
-ओंकार पाण्डेय-
सूरजपुर,26 फरवरी 2026 (घटती-घटना)। राष्ट्रीय राजमार्ग अंबिकापुर-बनारस मार्ग पर बीच सड़क जन्मदिन मनाना और आतिशबाजी करना कुछ युवकों को भारी पड़ गया,इस मामले में चौकी लटोरी पुलिस ने कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए दो और फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है,अब तक इस प्रकरण में कुल 9 आरोपी पुलिस गिरफ्त में आ चुके हैं। यह पूरा घटनाक्रम 16 फरवरी 2026 की रात का है, जब सोनवाही स्थित आरव रेस्टोरेंट के सामने कुछ युवकों ने एनएच पर ही अपने वाहन खड़े कर जन्मदिन का जश्न मनाना शुरू कर दिया। केक काटने के साथ-साथ आतिशबाजी भी की गई,जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बाधित हो गया और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
कैसे हुआ घटनाक्रम?
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार,युवकों ने कई चारपहिया वाहन सड़क के बीचों-बीच खड़े कर दिए थे,कुछ युवक सड़क पर ही केक काटते नजर आए,जबकि अन्य आतिशबाजी कर रहे थे। देर रात का समय होने के बावजूद एनएच पर वाहनों की आवाजाही जारी थी,जिससे जाम जैसी स्थिति निर्मित हो गई,कुछ वाहन चालकों ने इस गैर-जिम्मेदाराना कृत्य का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भी साझा किया। मामला पुलिस के संज्ञान में आते ही कार्रवाई शुरू की गई।
इन धाराओं में दर्ज हुआ अपराध
चौकी लटोरी पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 54/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 285, 126(2), 287, 288 तथा मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 और 201 के तहत प्रकरण कायम किया,इन धाराओं के तहत सार्वजनिक मार्ग पर लापरवाहीपूर्वक कार्य कर खतरा उत्पन्न करना, यातायात बाधित करना और खतरनाक तरीके से वाहन चलाना जैसे अपराध शामिल हैं।
पहले 7 आरोपी हुए थे गिरफ्तार
मामले की जांच के दौरान 20 फरवरी 2026 को पुलिस ने 7 आरोपियों में अमितेश गुप्ता,अंशुल अग्रवाल,प्रथम अग्रवाल,शुभम अग्रवाल,महेश साहू, निखिल रामा और अरुण देवांगन को भी गिरफ्तार किया था,हालांकि, दो आरोपी अभिषेक गुप्ता और अनमोल चौधरी घटना के बाद से फरार थे।
एसएसपी के निर्देश पर तेज हुई कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशांत कुमार ठाकुर (डीआईजी एवं एसएसपी, सूरजपुर) ने फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए,इसके बाद चौकी लटोरी पुलिस और साइबर सेल की टीम ने संयुक्त रूप से तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर सूचना के आधार पर दबिश दी,पुलिस ने अभिषेक गुप्ता (पिता-विजय गुप्ता),निवासी केनापारा, अनमोल चौधरी (पिता-सुरेन्द्र चौधरी), निवासी अंबिकापुर को पकड़ने में सफलता प्राप्त की।
दो वाहन जब्त
गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों के कब्जे से : 1 इनोवा कार,1 किया कार जब्त की गई है,दोनों आरोपियों को 24 फरवरी 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया,जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में चौकी प्रभारी लटोरी अरुण गुप्ता के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक रामनिवास तिवारी, आरक्षक विकास मिश्रा,संतोष जायसवाल,सुनील एक्का,शोभनाथ कुशवाहा एवं साइबर सेल की टीम की सक्रिय भूमिका रही,पुलिस ने बताया कि सार्वजनिक मार्ग पर इस प्रकार की लापरवाही से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता था,यदि समय रहते कार्रवाई नहीं होती तो जानमाल की क्षति से इंकार नहीं किया जा सकता था।
आमजन के लिए सख्त संदेश
राष्ट्रीय राजमार्ग पर जश्न मनाने की यह घटना कानून व्यवस्था और यातायात सुरक्षा के लिहाज से बेहद गंभीर मानी जा रही है,पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर इस प्रकार का हुड़दंग, स्टंट या आतिशबाजी बर्दाश्त नहीं की जाएगी,सूरजपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार का आयोजन निजी परिसर या निर्धारित स्थान पर ही करें तथा यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करें, यह कार्रवाई न केवल कानून तोड़ने वालों के खिलाफ चेतावनी है, बल्कि समाज के लिए भी एक संदेश है कि थोड़ी सी लापरवाही बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur