Breaking News

अम्बिकापुर@अंबिकापुर रेलवे स्टेशन में अतिरिक्त प्लेटफार्म निर्माण मार्च से

Share

  • फुट ओवर ब्रिज,डिजिटल डिस्प्ले का कार्यादेश जारी,जन औषधि केंद्र को भी मंजूरी
  • आयोजित 21 वीं बैठक में सरगुजा क्षेत्र से जुड़े रेलवे विकास कार्यों पर विस्तार से की गई चर्चा


-संवाददाता-
अम्बिकापुर,25 फरवरी 2026 (घटती-घटना)। क्षेत्रीय रेलवे उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति के सदस्य मुकेश तिवारी ने बताया कि अंबिकापुर रेलवे स्टेशन में अतिरिक्त प्लेटफार्म निर्माण का कार्य मार्च माह से प्रारंभ किया जाएगा। इसके साथ ही स्टेशन में 20 फीट चौड़े (6 मीटर) फुट ओवर ब्रिज तथा डिजिटल कोच डिस्प्ले प्रणाली की स्थापना के लिए कार्यादेश जारी कर दिए गए हैं। रेलवे स्टेशन में एक अतिरिक्त मार्ग विकसित करने की संभाव्यता को लेकर परीक्षण कराया जा रहा है। वहीं, अंबिकापुर स्टेशन परिसर में प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र प्रारंभ करने के लिए रेलवे महाप्रबंधक द्वारा अनुमोदन भी प्रदान कर दिया गया है।
बिलासपुर रेलवे के ज़ोनल कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित इस बैठक में अंबिकापुर रेलवे स्टेशन में अतिरिक्त प्लेटफार्म निर्माण की स्वीकृति, टेंडर और वर्क ऑर्डर जारी होने के बावजूद अभी तक निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं किए जाने पर आक्रोश व्यक्त किया गया । इस मुद्दे को उठाते हुए जेडआरयूसीसी सदस्य मुकेश तिवारी ने कहा कि अतिरिक्त प्लेटफार्म की सुविधा उपलब्ध न होने के कारण ट्रेन परिचालन में निरंतर असुविधा हो रही है और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य को पूर्ण करने के लिए निर्धारित समयावधि का लगभग आधा समय बीत चुका है, इसके बावजूद कार्य प्रारंभ न होना प्रशासनिक उदासीनता और यात्रियों के प्रति अन्यायपूर्ण रवैया दर्शाता है। उन्होंने कहा कि सरगुजा संभाग मुख्यालय का सबसे महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशन होने के बावजूद अंबिकापुर में यात्री सुविधाओं का पर्याप्त सुदृढ़ीकरण नहीं किया गया है,जबकि यहां यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। रेलवे प्रबंधन द्वारा अवगत कराया गया कि अतिरिक्त प्लेटफार्म निर्माण प्रारंभ करने के लिए अंबिकापुर में स्थित गुड्स शेड के कार्य को 1 मार्च से डिनोटिफाइड कर दिया गया है,जिसके बाद यह क्षेत्र अतिरिक्त प्लेटफार्म निर्माण के लिए उपलब्ध हो जाएगा। बैठक में जोनल कमेटी के सदस्य मुकेश तिवारी ने निर्धारित मापदंडों के अनुरूप समयबद्धता के साथ निर्माण कार्य पूर्ण करने को कहा। बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए 6 मीटर चौड़े फुट ओवर ब्रिज तथा डिजिटल कोच डिस्प्ले प्रणाली की स्थापना हेतु आदेश जारी कर दिए गए हैं। पिट लाइन निर्माण कार्य को लेकर भी बैठक में चर्चा हुई। जेडआरयूसीसी सदस्य द्वारा पिट लाइन कार्य को तेज गति से पूर्ण किए जाने की मांग पर रेलवे प्रशासन ने चालू वित्तीय वर्ष के भीतर इस कार्य को पूर्ण करने का आश्वासन दिया। वहीं स्टेशन तक पश्चिम दिशा से पृथक पहुंच मार्ग की मांग पर रेलवे ने बताया कि इस संबंध में राज्य शासन के संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर इसकी संभाव्यता का परीक्षण कराया जाएगा। प्रस्ताव यदि तकनीकी, भूमि उपलब्धता एवं यातायात दृष्टि से व्यवहार्य पाया जाता है तो नियमानुसार इसके निर्माण की कार्रवाई की जाएगी। बैठक में यह भी बताया गया कि अंबिकापुर रेलवे स्टेशन में प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र प्रारंभ करने के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान कर दी गई है।
नई ट्रेन के संचालन का प्रस्ताव
जेडआरयूसीसी सदस्य मुकेश तिवारी ने बैठक में कहा कि अंबिकापुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के बढ़ते दबाव को देखते हुए अब यह आवश्यक और व्यावहारिक हो गया है कि अंबिकापुर से रायपुर के लिए एक सीधी इंटरसिटी ट्रेन प्रतिदिन प्रातः 4 बजे प्रारंभ की जाए, जो अधिकतम 11 बजे तक अपनी यात्रा पूर्ण कर यात्रियों को रायपुर पहुंचा सके। उन्होंने सुझाव दिया कि इस ट्रेन की वापसी रायपुर से शाम 4 बजे हो और यह रात्रि 11 बजे तक अंबिकापुर पहुंचे। बैठक में रेलवे प्रशासन ने इस सुझाव को संज्ञान में लेने की जानकारी दी।
पार्किंग अव्यवस्था पर कार्रवाई,पार्किंग टेंडर निरस्त
रेलवे स्टेशन परिसर में पार्किंग को लेकर हो रही असुविधाओं,मनमानी शुल्क वसूली,पिक-एंड-ड्रॉप यात्रियों से जबरन शुल्क वसूले जाने तथा पार्किंग स्थल पर सार्वजनिक रूप से शुल्क सूची प्रदर्शित न किए जाने की शिकायतों पर रेलवे प्रशासन ने जांच कराई। जांच में शिकायतें सही पाए जाने पर संबंधित ठेकेदार का अनुबंध निरस्त कर दिया गया है। जल्द ही नई निविदा ढ्ढक्रश्वक्कस् मॉड्यूल के माध्यम से आमंत्रित कर प्रक्रिया पूरी की जाएगी।


Share

Check Also

प्रतापपुर,@आवास मिला…लेकिन अधूरा

Share सूरजपुर में गरीबों के सपनों पर ‘किस्त’ का तालाप्रतापपुर ब्लॉक सबसे ज्यादा प्रभावित…मजदूरी भी …

Leave a Reply