-संवाददाता-
अम्बिकापुर,25 फरवरी 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा संभाग में हाथियों का उत्पात थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा घटना मैनपाट क्षेत्र की है, जहां हाथियों ने एक बुजुर्ग महिला को पटककर मार डाला। बुधवार सुबह महिला का शव जंगल में बरामद किया गया। जानकारी के अनुसार मैनपाट के ग्राम बरिमा के पकरीपारा निवासी 65 वर्षीय महिला मंगलवार को गांव से लगे जंगल में जलावन लकड़ी लेने गई थी। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। बुधवार सुबह जंगल में उसका शव पड़ा मिला। मौके पर हाथियों के पैरों के निशान पाए गए, जिससे आशंका जताई जा रही है कि हाथियों ने ही उसे कुचल दिया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के बाद बरिमा गांव में आक्रोश है। ग्रामीणों ने वन विभाग पर हाथियों की गतिविधियों की समय पर सूचना नहीं देने का आरोप लगाया है।
उनका कहना है कि हाथियों के गांव के आसपास होने की जानकारी नहीं मिलने से लोग अनजाने में जंगल चले जाते हैं और हादसे का शिकार हो रहे हैं। ग्रामीणों ने मृतका के परिजनों को शीघ्र मुआवजा देने और हाथियों की निगरानी बढ़ाने की मांग की है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur