पीलिया से दो मौत का आरोप…उच्च स्तरीय जांच की मांग…
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,25 फरवरी 2026 (घटती-घटना)। शहर में दूषित पेयजल आपूर्ति और पीलिया के बढ़ते मामलों को लेकर बुधवार दोपहर कांग्रेसियों ने गौरव पथ स्थित नगर निगम के नए कार्यालय का घेराव किया। नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद और जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए निगम प्रशासन,जनप्रतिनिधियों और जिला प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया। प्रदर्शन से पहले कांग्रेस कार्यकर्ता कोठीघर से रैली निकालकर निगम कार्यालय पहुंचे। पूर्व सूचना के चलते पुलिस और प्रशासन ने बैरिकेडिंग की थी,जिसे हटाकर कार्यकर्ता परिसर में प्रवेश कर गए। इस दौरान जमकर नारेबाजी हुई और महापौर सहित अन्य जनप्रतिनिधियों के इस्तीफे की मांग की गई। कांग्रेस नेताओं ने निगम प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि शहर के कई वार्डों में दूषित पानी की सप्लाई से 4 दर्जन से अधिक लोग पीलिया से पीडि़त हैं। उनका आरोप है कि सतीपारा के 13 वर्षीय बालक और झंझटपारा निवासी एक व्यक्ति की मौत दूषित पानी पीने से हुई है। नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने कहा कि पीलिया प्रभावित क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान महापौर द्वारा दिया गया बयान गैरजिम्मेदाराना है। उनका कहना था कि सूचना समय पर नहीं दी गई। कांग्रेस का आरोप है कि सूचना मिलने के बावजूद निगम प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई नहीं की।
100 सैंपल में एक ही पॉजिटिव : इधर,मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. प्रेम सिंह मार्को ने पीलिया के मोमिनपुरा के अलावा अन्य क्षेत्रों में फैलने की बात से इंकार किया है। उन्होंने बताया कि अब तक केवल मोमिनपुरा क्षेत्र में ही पीलिया के मरीज मिले हैं। अन्य वार्डों में मितानिनों के माध्यम से सर्वे कराया जा रहा है। हाल ही में लिए गए 100 ब्लड सैंपलों में से केवल 1 व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सीएमएचओ के अनुसार फिलहाल स्थिति सामान्य है।
दोनों मौतें पीलिया से प्रमाणित नहीं : सीएमएचओ डॉ. मार्को ने बताया कि 13 वर्षीय बालक की मेडिकल कॉलेज अस्पताल से रिपोर्ट मंगाई गई थी। वरिष्ठ चिकित्सकों के अनुसार बालक को मस्तिष्क ज्वर (ब्रेन फीवर) था, जिसके कारण उसे रेफर किया गया था। वहीं दूसरे मृतक की जांच रिपोर्ट भी संबंधित डायग्नोस्टिक सेंटर से मंगाकर देखी गई। रिपोर्ट में पीलिया की पुष्टि नहीं हुई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि दोनों की मौत पीलिया से होने की पुष्टि जांच रिपोर्ट के आधार पर नहीं की जा सकती। एक ओर कांग्रेस उच्च स्तरीय जांच और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग कर रही है, वहीं स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में है। मामले को लेकर शहर में राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर बयानबाजी तेज हो गई है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur