राम सदन में सत्यनारायण व्रत कथा श्रवण कार्यक्रम का किया गया आयोजन

-संवाददाता-
जशपुरनगर,22 फरवरी 2026 (घटती-घटना)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का 62 वाँ जन्मदिवस उनके गृहग्राम बगिया में धूमधाम, उत्साह और आत्मीयता के साथ मनाया गया। मुख्यमंत्री श्री साय ने बगिया में अपने घर पहुंचते ही सबसे पहले अपनी माता श्रीमती जसमनी देवी का चरण छूकर आशीर्वाद लिया। उनके जन्मदिवस पर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं देने वालों का तांता लगा रहा। जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों तथा बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री को जन्मदिवस की बधाई दी और उनके उत्तम स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना की। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर सभी के स्नेह, शुभकामनाओं और आत्मीय स्वागत के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया तथा कहा कि जनस्नेह ही उनकी सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने अपने जन्मदिवस को विशेष और यादगार बनाने के लिए सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया। इस विशेष अवसर पर बगिया स्थित श्री राम सदन में सत्यनारायण व्रत कथा के श्रवण कार्यक्रम आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री श्री साय, उनकी माताजी श्रीमती जसमनी देवी,धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय तथा परिवार के अन्य सदस्यों ने पूरे श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ व्रत कथा का श्रवण किया तथा ईश्वर से प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
जन्मदिवस की बधाई देने लोगों का लगा रहा तांता : मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के आगमन से पूर्व ही उनके गृहग्राम बगिया स्थित गृहनिवास में उनसे मिलने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं आम नागरिकों में मुख्यमंत्री से भेंट करने और उन्हें शुभकामनाएं देने को लेकर विशेष उत्साह और उत्सुकता देखने को मिली। इस अवसर पर विधायक श्रीमती गोमती साय एवं श्रीमती रायमुनी भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सालिक साय, जिला पंचायत सदस्य श्री कृष्ण कुमार राय सहित जिला पंचायत एवं जनपद पंचायत के सदस्यगण, पंचायत प्रतिनिधि,नगरीय निकायों के प्रतिनिधिगण एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। साथ ही कमिश्नर नरेंद्र दुग्गा,आईजी दीपक कुमार झा, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह,वनमण्डलाधिकारी शशि कुमार,जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार, प्रशिक्षु आईएफएस सुश्री यशस्वी मौर्य तथा अन्य अधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने मुख्यमंत्री से भेंट कर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
पारंपरिक परिधान में आए पहाड़ी कोरवा
समाज के लोगों ने मुख्यमंत्री को दी जन्मदिवस की बधाई…
बगीचा से आए विशेष पिछड़ी जनजाति समुदाय पहाड़ी कोरवा समाज के प्रतिनिधियों ने विष्णुदेव साय से सौजन्य भेंट कर उन्हें जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर पहाड़ी कोरवा समाज के सदस्य अपने पारम्परिक वेशभूषा एवं तीर-धनुष के साथ उपस्थित हुए, जिससे उनकी समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा की झलक दिखाई दी। मुख्यमंत्री श्री साय ने उनसे आत्मीय संवाद करते हुए उनके क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी ली। इस पर पहाड़ी कोरवा समाज के प्रतिनिधियों ने बताया कि वर्तमान में उनके क्षेत्रों में तेजी से विकास कार्य संचालित हो रहे हैं तथा प्रधानमंत्री जनमन योजना के माध्यम से उनके गांवों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार हुआ है। उन्होंने कहा कि इस योजना से उनके जीवन स्तर में सकारात्मक परिवर्तन आ रहा है और उनके क्षेत्रों की तस्वीर बदल रही है। मुख्यमंत्री ने उनकी बातों को गंभीरता से सुना और आश्वस्त किया कि विशेष पिछड़ी जनजातियों के सर्वांगीण विकास के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रतिबद्ध है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur