42 से अधिक लोग संक्रमित,ज्यादातर बच्चे,पाइप लाइन लीकेज पर उठे सवाल
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,21 फरवरी 2026 (घटती-घटना)। शहर के मोमिनपुरा स्थित वार्ड क्रमांक 40-41 में दूषित पानी के सेवन से पीलिया फैलने का मामला सामने आया है। अब तक 42 से अधिक लोग पीलिया पॉजिटिव पाए गए हैं, जिनमें अधिकांश बच्चे शामिल हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम प्रशासन में हडकंप मच गया है। शनिवार को दोनों विभागों की टीमों ने क्षेत्र में पहुंचकर सर्वे और सैंपलिंग का कार्य शुरू किया।
जानकारी के अनुसार क्षेत्र में पीलिया का पहला मामला तीन माह पूर्व सामने आया था। दिसंबर में चार वर्षीय बालक मो. अवेश में पीलिया की पुष्टि हुई थी। इसके बाद धीरे-धीरे आसपास के बच्चों में संक्रमण फैलने लगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि तीन माह के भीतर 20 से 25 बच्चे पीलिया की चपेट में आए। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार अब तक कुल 42 लोग संक्रमित पाए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने क्षेत्र के 10 घरों से पानी के नमूने लेकर जांच के लिए मेडिकल कॉलेज के माइक्रोबायोलॉजी विभाग भेजे थे। जांच में कुछ नमूनों में 22 से 28 एमपीएन प्रति 100 एमएल तक बैक्टीरियल लोड पाया गया, जो पीने योग्य मानक से अधिक है। माइक्रोबायोलॉजी विभाग के अनुसार क्लोरीनयुक्त पानी में एमपीएन की मात्रा शून्य होनी चाहिए। 10 से अधिक एमपीएन को संदिग्ध और 50 से अधिक को अत्यधिक प्रदूषित माना जाता है। रिपोर्ट मिलने के बाद सीएमएचओ ने नगर निगम को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
संयुक्त टीम कर रही सर्वे : दूषित पानी की सूचना पर स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम की संयुक्त टीम ने क्षेत्र में सर्वे शुरू किया है। स्वास्थ्य विभाग ने 20 से अधिक लोगों के सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजे हैं।
साथ ही लोगों को उबला हुआ पानी पीने की सलाह दी गई है। नगर निगम की टीम दूषित पानी के स्रोत की जांच में जुटी है और घर-घर से पानी के नमूने एकत्र कर रही है। वार्ड पार्षद मो. हसन ने बताया कि जांच के दौरान तीन स्थानों पर पाइप लाइन में लीकेज मिला है। शाहीद हमीद चौक, आरयू होटल के नीचे और पॉपुलर के सामने पाइप लाइन से पानी रिस रहा है। आशंका है कि इन्हीं लीकेज के कारण सप्लाई का पानी दूषित हुआ। पार्षद का कहना है कि पूर्व में भी निगम प्रशासन को इसकी जानकारी दी गई थी, लेकिन समय पर सुधार नहीं किया गया। वर्तमान में भी लीकेज पूरी तरह दुरुस्त नहीं हो पाया है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur