Breaking News

अम्बिकापुर@कांग्रेस का आरोप

Share


फार्म-7 के जरिए मतदाताओं के नाम कटवाने का प्रयास विफल
अम्बिकापुर,21 फरवरी 2026 (घटती-घटना)।
मतदाता सूचियों के गहन पुनरीक्षण के बाद जारी अंतिम मतदाता सूची को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय राजीव भवन में आयोजित प्रेसवार्ता में जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कहा कि फार्म-7 के माध्यम से वैध मतदाताओं के नाम कटवाने का भाजपा का दुर्भावनापूर्ण प्रयास विफल हो गया है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि फार्म-7 के जरिए जानबूझकर वैध मतदाताओं के नाम कटवाने का प्रयास करने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं पर जन प्रतिनिधित्व अधिनियम 1950 की धारा 31 एवं भारतीय न्याय संहिता की धारा 212 सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत कार्रवाई की जाए।
हजारों नाम कटवाने का प्रयासः कांग्रेस : प्रेसवार्ता में बताया गया कि गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने संगठित रूप से जिले के हजारों मतदाताओं के नाम हटाने के लिए फार्म-7 के अंतर्गत आवेदन प्रस्तुत किए थे। कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक और निगम में नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद के नेतृत्व में प्रशासन से मुलाकात कर इस प्रयास के खिलाफ साक्ष्य सहित शिकायत दर्ज कराई थी। जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) की प्रक्रिया का उपयोग कर भाजपा अपने अनुकूल मतदाता सूची तैयार करने का प्रयास कर रही थी। उन्होंने कहा कि ऐसे मतदान केंद्रों को चिन्हित किया गया, जहां कांग्रेस को बढ़त मिलती रही है, और वहां कांग्रेस समर्थक मतदाताओं के नाम हटाने का प्रयास किया गया। हालांकि कांग्रेस के सक्रिय बीएलए, मंडल अध्यक्ष, ब्लॉक अध्यक्ष और अन्य कार्यकर्ताओं की सजगता के चलते यह प्रयास सफल नहीं हो पाया।
श्री पाठक ने इस सक्रियता का श्रेय पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव को दिया, जिन्होंने छह बार समीक्षा बैठक कर कार्यकर्ताओं को तैयार किया।
72 हजार मतदाताओं की कमी : कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने बताया कि जनवरी 2025 की तुलना में वर्तमान मतदाता सूची में जिलेभर में लगभग 72 हजार मतदाताओं की कमी दर्ज की गई है। निर्वाचन विभाग के अनुसार स्थानांतरण, मृत्यु या अनुपस्थिति के कारण यह गिरावट आई है। कांग्रेस ने मतदान केंद्रवार इसकी जांच शुरू करने की बात कही है।
कानूनी कार्रवाई की चेतावनी : प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष जे.पी. श्रीवास्तव ने कहा कि जिन मतदाताओं के नाम हटाने के लिए फार्म-7 दिए गए थे, उनका नाम सूची में यथावत रहना ही इस बात का प्रमाण है कि आवेदन दुर्भावनापूर्ण थे। उन्होंने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि अन्यथा पार्टी का लीगल सेल न्यायालय का दरवाजा खटखटाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि देश के अन्य हिस्सों में भी भाजपा इस प्रकार की प्रवृत्ति अपनाकर मतदाता सूचियों में गड़बड़ी कर चुनाव जीतती रही है, लेकिन सरगुजा में उनका प्रयास उजागर हो गया है। प्रेसवार्ता के दौरान मो. इस्लाम, इरफान सिद्धकी, इंद्रजीत सिंह धंजल, दुर्गेश गुप्ता, अतुल तिवारी, जमील खान, रशीद अहमद, नरेंद्र विश्वकर्मा, आशीष जायसवाल सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


Share

Check Also

प्रतापपुर,@आवास मिला…लेकिन अधूरा

Share सूरजपुर में गरीबों के सपनों पर ‘किस्त’ का तालाप्रतापपुर ब्लॉक सबसे ज्यादा प्रभावित…मजदूरी भी …

Leave a Reply