Breaking News

अम्बिकापुर@बोर्ड परीक्षा के पहले दिन हादसा,छात्र की मौत

Share

12 वीं की परीक्षा देने जाते समय गिट्टी पर फिसली बाइक, साथी गंभीर
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,20 फरवरी 2026 (घटती-घटना)। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की 12 वीं बोर्ड परीक्षा के पहले ही दिन शुक्रवार को एक दर्दनाक सडक हादसे में छात्र की मौत हो गई। हादसा बतौली थाना क्षेत्र में हुआ। मृतक अपने मित्र के साथ बाइक से परीक्षा केंद्र जा रहा था। गंभीर रूप से घायल दूसरे छात्र का इलाज जारी है। जानकारी के अनुसार ग्राम झेराडीह निवासी अनिकेश तिवारी (18) और ग्राम बैलकोटा निवासी निष्क एक्का (18) बतौली के शांतिपारा स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल में अध्ययनरत थे। शुक्रवार सुबह दोनों 12 वीं की परीक्षा देने बाइक से निकले थे। ग्राम कुनकुरी के पास सडक निर्माण के लिए किनारे डाली गई गिट्टी पर बाइक का संतुलन अचानक बिगड़ गया। तेज रफ्तार में चल रही बाइक सामने जा रहे दूसरे बाइक सवार से टकरा गई और उछलकर दूर जा गिरी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों छात्र करीब 20-25 फीट तक सडक पर घिसटते चले गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शांतिपारा पहुंचाया गया। जहां जांच के दौरान डॉक्टरों ने निष्क एक्का को मृत घोषित कर दिया। वहीं अनिकेश तिवारी को गंभीर हालत में अंबिकापुर रेफर किया गया है। उसके सिर सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। परिजनों के अनुसार निष्क आमतौर पर बस से स्कूल आता-जाता था। वह पहली बार अनिकेश के साथ बाइक से परीक्षा देने गया था। परीक्षा केंद्र समय पर पहुंचने की जल्दबाजी में बाइक तेज रफ्तार से चलाई जा रही थी।


Share

Check Also

प्रतापपुर,@आवास मिला…लेकिन अधूरा

Share सूरजपुर में गरीबों के सपनों पर ‘किस्त’ का तालाप्रतापपुर ब्लॉक सबसे ज्यादा प्रभावित…मजदूरी भी …

Leave a Reply