Breaking News

सूरजपुर@ रिहन्द नदी पर मोहरा ऐनीकट घोषित हुआ दुर्घटना संभावित क्षेत्र

Share


सेल्फी,स्नान व अनावश्यक ठहराव पर पूर्ण प्रतिबंध,चेतावनी बोर्ड स्थापित
सूरजपुर,20 फरवरी 2026 (घटती-घटना)।
जिले के रामनगर एवं नयनपुर ग्राम के समीप रिहन्द नदी पर निर्मित मोहरा ऐनीकट को प्रशासन ने औपचारिक रूप से दुर्घटना संभावित क्षेत्र घोषित कर दिया है,संभावित जोखिमों को देखते हुए जल संसाधन विभाग छत्तीसगढ़ ने ऐनीकट क्षेत्र में व्यापक सुरक्षा प्रबंध लागू किए हैं, विभाग द्वारा ऐनीकट के दोनों किनारों—एक ओर ग्राम रामनगर और दूसरी ओर ग्राम नयनपुर—में स्पष्ट चेतावनी सूचना बोर्ड स्थापित किए गए हैं। इन बोर्डों में सेल्फी लेने, स्नान करने तथा अनावश्यक रूप से ऐनीकट पर रुकने को प्रतिबंधित बताया गया है।
अचानक बढ़ता जलस्तर बन रहा खतरा
विभागीय अधिकारियों के अनुसार ऐनीकट क्षेत्र में जलस्तर अचानक बढ़ने की आशंका बनी रहती है,विशेष रूप से ऊपरी क्षेत्रों से पानी छोड़े जाने की स्थिति में वर्षा के दौरान जलप्रवाह बढ़ने पर,नदी की धारा में तेज बहाव आने पर,कुछ ही मिनटों में पानी का स्तर खतरनाक स्थिति में पहुंच सकता है। ऐसे में यदि कोई व्यक्ति ऐनीकट पर मौजूद हो, तो उसका संतुलन बिगड़ना या बहाव में बह जाना संभव है, अधिकारियों ने बताया कि ऐनीकट की सतह पर काई और नमी के कारण फिसलन भी बनी रहती है, जिससे गिरने का खतरा और बढ़ जाता है।
सेल्फी और रोमांच पर सख्त रोक
हाल के वर्षों में सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के कारण नदी, बांध और ऐनीकट जैसे स्थलों पर सेल्फी और वीडियो बनाने की प्रवृत्ति बढ़ी है। कई स्थानों पर इसी लापरवाही के कारण दुर्घटनाएं भी हुई हैं, जल संसाधन विभाग ने स्पष्ट किया है कि मोहरा ऐनीकट पर सेल्फी लेना, पानी में उतरना या रोमांच के उद्देश्य से वहां ठहरना पूर्णतः प्रतिबंधित है, नियमों का उल्लंघन करने पर आवश्यक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
बच्चों और युवाओं के लिए विशेष सावधानी
अधिकारियों ने अभिभावकों से विशेष अपील की है कि वे अपने बच्चों और किशोरों को ऐसे संवेदनशील क्षेत्रों में जाने से रोकें,विद्यालयों एवं ग्राम पंचायतों के माध्यम से भी जागरूकता फैलाने की पहल की जा रही है,ग्राम स्तर पर जनप्रतिनिधियों से कहा गया है कि वे स्थानीय लोगों को संभावित खतरों के बारे में सचेत करें।
सुरक्षा के लिए उठाए गए कदम
ऐनीकट के दोनों छोर पर चेतावनी बोर्ड लगाए गए,खतरनाक क्षेत्रों की पहचान कर चिन्हांकन किया गया,स्थानीय प्रशासन द्वारा निगरानी बढ़ाने के निर्देश,ग्राम पंचायतों के सहयोग से जनजागरूकता अभियान विभाग का कहना है कि भविष्य में आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त सुरक्षा उपाय भी किए जाएंगे।
जनसहयोग ही सुरक्षा की कुंजी
जल संसाधन विभाग ने जिलेवासियों से आग्रह किया है कि चेतावनी बोर्डों का पालन करें, ऐनीकट पर अनावश्यक भीड़ न लगाएं,बाहरी पर्यटकों को भी सावधान करें,किसी भी संदिग्ध या जोखिमपूर्ण गतिविधि की सूचना प्रशासन को दें,अधिकारियों ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य किसी की स्वतंत्रता सीमित करना नहीं, बल्कि जनजीवन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
सावधानी ही सुरक्षा
मोहरा ऐनीकट प्राकृतिक सौंदर्य का आकर्षक स्थल अवश्य है,लेकिन सुरक्षा के दृष्टिकोण से यह संवेदनशील क्षेत्र है,एक छोटी सी लापरवाही बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है,प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे जिम्मेदारी निभाते हुए नियमों का पालन करें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके और क्षेत्र में सुरक्षित वातावरण बना रहे।


Share

Check Also

राजपुर@ उत्कृष्ट पार्षद के लिए नवीन सर्व सोनार समाज ने किया पार्षद विशवास का सम्मान

Share राजपुर,24 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। नवीन सर्व सोनार समाज राजपुर द्वारा निर्दलीय निर्वाचित वार्ड पार्षद …

Leave a Reply