Breaking News

अम्बिकापुर@सरगुजा पुलिस की बड़ी कामयाबी…525 गुम मोबाइल खोजकर लौटाया

Share

  • पांच महीनों में एक करोड़ रुपए के मोबाइल बरामद,नागरिकों के चेहरे खिले
  • साइबर सेल और थाना पुलिस की सर्विलांस कार्रवाई से मिली सफलता…

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,19 फरवरी 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा पुलिस ने गुम मोबाइल फोन वापस दिलाने के लिए चलाए गए विशेष अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। बीते पांच महीनों के भीतर साइबर सेल अंबिकापुर एवं जिले की समस्त थाना-चौकी पुलिस टीम ने सर्विलांस तकनीक की मदद से कुल 525 गुम मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सुरक्षित वापस सौंप दिए। बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत लगभग एक करोड़ रुपए बताई गई है। जिले में लगातार गुम मोबाइल से संबंधित आवेदन प्राप्त होने के बाद डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देशन में यह अभियान शुरू किया गया था। अभियान का उद्देश्य नागरिकों की शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण करना था। पुलिस के अनुसार अधिकांश मोबाइल फोन भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों जैसे बाजारों,सब्जी मंडियों,चौक-चौराहों, यात्रा के दौरान तथा मंदिरों के आसपास गुम हुए थे। कई मामलों में मोबाइल फोन किसी अन्य व्यक्ति के हाथ लग गए थे, जिन्हें ट्रैक कर पुलिस ने वापस मंगवाया और फिर असली मालिकों को सौंपा। मोबाइल वापस मिलने पर नागरिकों के चेहरे पर खुशी और पुलिस के प्रति विश्वास साफ झलकता नजर आया। आमजन ने पुलिस की तकनीकी दक्षता और लगातार प्रयासों की सराहना की।
एसएसपी ने बरतने की अपील की सावधानी : डीआईजी एवं एसएसपी राजेश कुमार अग्रवाल ने नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि थोड़ी सी असावधानी या लापरवाही से मोबाइल फोन गुम हो जाता है। आज के समय में मोबाइल व्यक्ति की सबसे उपयोगी वस्तु बन चुका है। उन्होंने लोगों से अपील की कि भीड़भाड़ वाले स्थानों पर मोबाइल को सुरक्षित रखें और जेब या बैग में सावधानीपूर्वक रखें। उन्होंने बताया कि मोबाइल गुम होने पर तुरंत थाना-चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराएं।
सडक सुरक्षा और नए कानूनों की भी दी गई जानकारी : कार्यक्रम के दौरान सरगुजा पुलिस द्वारा सडक सुरक्षा एवं यातायात जागरूकता अभियान भी चलाया गया। दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने तथा नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया। इसके साथ ही नए आपराधिक कानूनों को लेकर प्रदर्शनी लगाई गई,जिसमें भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम के बारे में नागरिकों को जानकारी दी गई। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लों,नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल सहित साइबर सेल और थाना पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी सक्रिय रहे।


Share

Check Also

बलरामपुर @एनएच-343 पर परिवहन व यातायात विभाग की संयुक्त कार्रवाई

Share बिना परमिट चल रही स्कूल बस जब्त,10 हजार रुपये का चालानबलरामपुर ,22 अप्रैल 2026 …

Leave a Reply