- सड़क मार्ग से पहुंचे मुख्यमंत्री,कार्यकर्ताओं ने फूलों की वर्षा से किया ऐतिहासिक स्वागत…
- 92 वर्षीय मीसाबंदी से मुलाकात,कार्यकर्ताओं का सम्मान कोरिया प्रवास बना भावनाओं और विकास संकल्प का संगम
- भाजपा कार्यकर्ताओं की एकजुटता का प्रदर्शनः कोरिया में मुख्यमंत्री साय का भव्य अभिनंदन
- जनसंवाद,श्रद्धांजलि और विकास घोषणाओं के बीच कोरिया में मुख्यमंत्री साय का प्रभावशाली दौरा

–रवि सिंह–
कोरिया,18 फरवरी 2026 (घटती-घटना)। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का कोरिया जिला प्रवास राजनीतिक,संगठनात्मक और भावनात्मक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण रहा, मूल रूप से हेलीकॉप्टर से आगमन का कार्यक्रम निर्धारित था, किंतु अंतिम समय में परिवर्तन होने के कारण मुख्यमंत्री को चिरमिरी से सड़क मार्ग द्वारा बैकुंठपुर पहुँचना पड़ा, कार्यक्रम में बदलाव के बावजूद कार्यकर्ताओं के उत्साह में कोई कमी नहीं आई—बल्कि सड़क मार्ग से आगमन ने जगह-जगह स्वागत के अतिरिक्त अवसर प्रदान कर दिए।

बैकुंठपुर विश्राम गृहः अनुशासित स्वागत और आत्मीय संवाद: बैकुंठपुर स्थित विश्राम गृह में भारतीय जनता पार्टी के जिला पदाधिकारी,मंडल अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ कार्यकर्ता कतारबद्ध खड़े रहे, मुख्यमंत्री के पहुँचते ही पुष्पगुच्छ और महामालाओं से स्वागत किया गया,मुख्यमंत्री ने औपचारिकता से आगे बढ़ते हुए प्रत्येक पदाधिकारी से व्यक्तिगत परिचय लिया, उन्होंने संगठनात्मक गतिविधियों, बूथ स्तर की मजबूती और आगामी योजनाओं पर संक्षिप्त चर्चा की। उनका संदेश स्पष्ट था—‘संगठन ही शक्ति है, और कार्यकर्ता ही पार्टी की आत्मा। ‘
स्वर्गीय फलेन्द्र सिंह को श्रद्धांजलिः विरासत का सम्मान: इसके पश्चात मुख्यमंत्री ग्राम सरभोका पहुँचे, जहाँ पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेता स्वर्गीय फलेन्द्र सिंह की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की गई, उन्होंने परिवारजनों से भेंट कर संवेदना व्यक्त की और कहा कि पार्टी अपने वरिष्ठ नेताओं के योगदान को सदैव स्मरण रखती है,उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने जिले के विकास कार्यों की रूपरेखा पर प्रकाश डाला और भरोसा दिलाया कि कोरिया को विकास की मुख्यधारा में अग्रणी बनाया जाएगा।

कृष्ण बिहारी जायसवाल के निवास पर श्रद्धांजलि: मुख्यमंत्री भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष कृष्ण बिहारी जायसवाल के निवास पहुँचे और उनके स्वर्गीय पिता को श्रद्धांजलि अर्पित की,इस अवसर पर संगठनात्मक मजबूती,आगामी कार्यक्रमों और क्षेत्रीय विकास पर चर्चा हुई, मुख्यमंत्री ने कहा कि संगठन की जड़ों को मजबूत रखने में वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
जनसभा में उमड़ा जनसैलाब : जनसभा स्थल पर सभी मोर्चा और मंडलों के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री का महामालाओं से भव्य स्वागत किया, सभा ‘मुख्यमंत्री साय जि़ंदाबाद’ के नारों से गूंज उठी, प्रभारी मंत्री रामविचार नेताम, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और स्थानीय विधायक भैया लाल राजवाड़े ने सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश सरकार की उपलब्धियों और आगामी योजनाओं की जानकारी दी, जिलाध्यक्ष देवेंद्र तिवारी, निवृत्तिमान जिला अध्यक्ष कृष्ण बिहारी जायसवाल सहित सभी पदाधिकारी कार्यक्रम में सक्रिय रूप से उपस्थित रहे।
संगठन, संवेदना और विकास का संदेश : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का यह कोरिया प्रवास केवल औपचारिक कार्यक्रमों तक सीमित नहीं रहा, वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के सम्मान, समाज प्रमुखों से संवाद, प्रतिनिधिमंडलों की समस्याओं को सुनना और जनसभा के माध्यम से विकास संकल्प को दोहराना—इन सभी ने मिलकर इस दौरे को व्यापक आयाम दिया, कार्यकर्ताओं के उत्साह, आमजन की भागीदारी और नेतृत्व की संवेदनशीलता ने यह संदेश दिया कि कोरिया जिले में संगठन और सरकार दोनों विकास के प्रति प्रतिबद्ध हैं, यह प्रवास राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण होने के साथ-साथ भावनात्मक जुड़ाव और जनसंवाद का भी प्रतीक बन गया।
झुमका डेम पर समाज प्रमुखों से संवाद : मुख्यमंत्री का अगला पड़ाव झुमका डेम रहा, जहाँ जिले के विभिन्न समाज प्रमुखों से विस्तृत चर्चा हुई, उन्होंने कहा कि चौमुखी विकास केवल सरकारी योजनाओं से नहीं, बल्कि समाज की सक्रिय भागीदारी से संभव है,शिक्षा,स्वास्थ्य,जल प्रबंधन और स्थानीय रोजगार के मुद्दों पर समाज प्रतिनिधियों ने अपनी बातें रखीं,जिन्हें मुख्यमंत्री ने गंभीरता से नोट किया,यह बैठक केवल औपचारिक संवाद नहीं रही,बल्कि स्थानीय अपेक्षाओं और सरकार की प्राथमिकताओं के बीच सेतु का कार्य करती दिखाई दी।
17 फरवरी की सुबहः प्रतिनिधिमंडलों से मुलाकात अगले दिन प्रातः स्थानीय विश्राम गृह में विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधिमंडलों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की,किसानों,व्यापारियों,सामाजिक संगठनों और युवा प्रतिनिधियों ने अपनी-अपनी मांगें रखीं,मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि प्राथमिकता के आधार पर मांगों पर कार्यवाही की जाएगी,इसके बाद वे जिला पंचायत अध्यक्ष मोहित पारख के निवास पहुँचे,जहाँ कोरिया सेवा सदन में परिजनों और पार्टी कार्यकर्ताओं से आत्मीय संवाद हुआ।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur